पंचकूला। नगर निगम पंचकूला 15 मई से 30 मई तक नशा मुक्ति पखवाड़ा मनाएगा। इन 15 दिन में नगर निगम पंचकूला को नशा मुक्त बनाने को लेकर बड़ा अभियान चलाएगा। इसमें नुक्कड़ नाटकों, डिजिटल बोर्ड्स के माध्यम से लोगों को नशे से दूर रहने का संदेश दिया जाएगा। इस संबंध में महापौर कुलभूषण गोयल ने अधिकारियों से बैठक करके उन्हें लोगों को नशा न करने के लिए प्रेरित करने को कहा।
महापौर कुलभूषण गोयल ने बताया कि हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष और पंचकूला के विधायक ज्ञानचंद गुप्ता के सात सरोकारों में से नशा मुक्ति सरोकार नंबर एक पर है। महापौर ने बताया कि नशा बेचने वाले, नशा करने वाले को जल्द पकड़ा जाए, इसको लेकर भी एक स्थायी हेल्पलाइन नंबर 7087081100 जारी किया है। जो भी व्यक्ति नशा करने वाले या नशा बेचने वाले के बारे में इस नंबर पर सूचना देगा उसकी पहचान गुप्त रखी जाएगी और सूचना पर तुरंत कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने लोगों से अपील की है कि वे पंचकूला को नशा मुक्त करने के लिए 15 से 30 मई तक चलाए जा रहे अभियान में साथ दें ताकि युवा नशे से दूर रहें और पंचकूला को नशा मुक्त बनाया जा सके। महापौर ने बताया कि नगर निगम पुलिस के साथ कंधे से कंधा मिलाकर चलेगा और कार्यक्रम आयोजित करके लोगों को नशे के खिलाफ जागरूक करेगा। इस बैठक में कमेटी के सदस्य पार्षद सुनीत सिंगला, पार्षद अक्षदीप चौधरी, पार्षद सुशील गर्ग, पार्षद रितु गोयल, ज्वाइंट कमिश्नर संयम गर्ग, एसई विजय गोयल, चीफ सेनेटरी इंस्पेक्टर अविनाश सिंगला और एमई राजकुमार मौजूद रहे।