अनियमित सप्लाई और कम प्रेशर से सेक्टर-10 के लोग परेशान
कई मकानों की ऊपरी मंजिलों तक नहीं पहुंच रहा पानी
घरेलू कामकाज और पेयजल व्यवस्था प्रभावित
संवाद न्यूज एजेंसी
पंचकूला। सेक्टर-10 स्थित हाउसिंग बोर्ड के मकानों में पेयजल संकट गहराता जा रहा है। अनियमित जलापूर्ति और कम प्रेशर के कारण लोगों को रोजमर्रा के कामकाज में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। क्षेत्रवासियों ने जलापूर्ति व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग उठाई है।
स्थानीय निवासियों का आरोप है कि विभाग की ओर से पानी की सप्लाई तय समय पर नहीं की जा रही। कभी सुबह पानी आता है तो शाम को आपूर्ति बंद रहती है, जबकि कई बार शाम को पानी मिलने पर सुबह सप्लाई नहीं होती।
लोगों का कहना है कि जो पानी आता भी है, उसका प्रेशर बेहद कम होता है। इससे कई मकानों, खासकर ऊपरी मंजिलों तक पानी नहीं पहुंच पाता। मजबूरन लोगों को मोटर चलाने या अन्य वैकल्पिक इंतजाम करने पड़ रहे हैं।
पेयजल की कमी से रसोई, सफाई और अन्य घरेलू कार्य भी प्रभावित हो रहे हैं। निवासियों का कहना है कि वे लंबे समय से इस समस्या से जूझ रहे हैं, लेकिन अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं किया गया। बार-बार शिकायतें करने के बावजूद स्थिति जस की तस बनी हुई है।
लोगों ने संबंधित विभाग और प्रशासन से मांग की है कि जलापूर्ति व्यवस्था को दुरुस्त कर तय समय पर पर्याप्त प्रेशर के साथ पानी उपलब्ध कराया जाए। उनका कहना है कि यदि जल्द समस्या का समाधान नहीं हुआ तो वे सामूहिक रूप से अधिकारियों से मिलकर अपनी आवाज बुलंद करेंगे।