पंचकूला। मुख्यमंत्री के दौरे से एक दिन पहले सेक्टर-20 स्थित अनाजमंडी में अव्यवस्था की शिकायत मिलने पर विधानसभा स्पीकर ज्ञानचंद गुप्ता ने शनिवार को अनाजमंडी का दौरा किया। मंडी की चरमराई सफाई व्यवस्था, रेहड़ी-फड़ी वालों से लगे जाम और अन्य समस्याएं देखकर ज्ञानचंद गुप्ता का पारा चढ़ गया। उन्होंने मार्केट कमेटी के अधिकारियों को फटकार लगाई। इसके बाद हरियाणा राज्य कृषि विपणन बोर्ड के मुख्य प्रशासक टीएल सत्यप्रकाश से फोन पर बात कर कहा कि उनको शहर में ऐसे अधिकारी नहीं चाहिए। इनके खिलाफ कार्रवाई की जाए। थोड़ी देर बाद मुख्य प्रशासक टीएल सत्यप्रकाश भी तुरंत मंडी पहुंच गए। इसके बाद विधानसभा अध्यक्ष ने सेक्रेटरी कम ईओ के कार्यालय में जाकर रिकॉर्ड भी जांचा। उन्होंने सेक्रेटरी कम ईओ अनूप सिंह के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए।
विधानसभा अध्यक्ष शनिवार को अचानक सेक्टर-20 स्थित अनाजमंडी पहुंचे। मंडी में रेहड़ी-फड़ी वालों से 200 से 250 रुपये वसूले जा रहे थे। जैसे ही ज्ञानचंद गुप्ता अनाजमंडी में रेहड़ी-फड़ी वालों के पास पहुंचे तो 20 से 25 रेहड़ी वाले अपना सामान उठाकर वहां से भाग गए। इस पर उन्हें शक हुआ तो बाकी बचे रेहड़ी वालों से उन्होंने बात की। एक महिला ने बताया कि उन्हें रेहड़ी लगाने के लिए हर रोज 200 रुपये जमीन के, 10 रुपये टेबल और 30 रुपये छतरी लगाने के देने पड़ते हैं। ये रुपये नहीं दिए जाएं तो अधिकारी उन्हें सामान बेचने की इजाजत नहीं देते हैं। ज्ञानचंद गुप्ता ने उनसे रसीद दिखाने के लिए कहा तो उन्होंने बताया कि उन्हें कोई रसीद नहीं दी जाती। अगर उनसे बिजली का कनेक्शन लिया जाता है तो खर्चा और बढ़ा दिया जाता है।
एक रेहड़ी वाले ने बताया कि प्रवीण नाम का व्यक्ति उनसे रुपये लेकर जाता है। यह खुलासा होने पर अधिकारियों के हाथ-पैर फूल गए और हड़कंप मच गया। सूचना मिलने पर हरियाणा राज्य कृषि विपणन बोर्ड के मुख्य प्रशासक टीएल सत्यप्रकाश भी मौके पर पहुंचे। इस मौके पर बीजेपी जिलाध्यक्ष अजय शर्मा, करनाल प्रभारी दीपक शर्मा, मार्केट कमेटी के पूर्व चेयरमैन अशोक शर्मा सहित हैफेड और मार्केट कमेटी पंचकूला के अन्य संबंधित अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।
गेहूं की फसल की खरीद का जायजा लेने पंचकूला सेक्टर-20 की मंडी पहुंचे थे। वहां सफाई का बुरा हाल है। महीनों से सफाई नहीं हुई होगी। गैरकानूनी तरीके से सब्जी और फल बेचने वालों की रेहड़ियां अधिकारियों ने लगवाई हैं। संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई करने के निर्देश उच्चाधिकारियों को दिए हैं। - ज्ञानचंद गुप्ता, विधायक पंचकूला एवं विधानसभा अध्यक्ष
विधानसभा अध्यक्ष ने मंडी का दौरा किया था। उनको जो अनियमितता मिली, उससे वे नाराज हुए। हमने उच्चाधिकारियोें के समक्ष अपना पक्ष रख दिया है। - अनूप सिंह, सेक्रेेटरी, मार्केट कमेटी, पंचकूला