चंडीगढ़। डेरा सच्चा सौदा ने पंजाब में पूर्व कैप्टन और चन्नी की कांग्रेस सरकार पर आरोप लगाया है कि सूबे में वर्ष 2015 दौरान हुई बेअदबी की घटनाओं में डेरा सच्चा सौदा के श्रद्धालुओं और उनके गुरु डा. गुरमीत राम रहीम सिंह इंसां को फंसाने की कोशिश कर रही है। डेरे की ओर से दावा किया गया है कि गुरमीत राम रहीम सिंह ही नहीं, ऐसे घिनौने काम के बारे में डेरे का कोई श्रद्धालु सोच भी नहीं सकता। डेरे ने पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान से अपील की है कि वह इस मामले की उच्च स्तरीय जांच कराएं और बेअदबी के असली दोषियों को गिरफ्तार कर सख्त से सख्त सजा दिलाएं। डेरे की ओर से यह भी कहा गया है कि पिछली कांग्रेस सरकार ने साजिश के तहत असली दोषियों को गिरफ्तार नहीं किया, उलटे डेरा सच्चा सौदा पर झूठे आरोप लगा दिए गए।
बुधवार को चंडीगढ़ में बुलाई प्रेस कांफ्रेंस में डेरा सच्चा सौदा के प्रवक्ता जतिंद्र खुराना, संदीप कौर और वकील हरीश छाबड़ा व केवल बराड़ ने कहा कि बेअदबी की घटनाओं से डेरा सच्चा सौदा का कोई संबंध नहीं है, बल्कि मामले की जांच कर रहे पूर्व डीआईजी रणबीर खटड़ा ने कांग्रेस सरकार के इशारे पर डेरे को झूठे आरोप में फंसा दिया। जतिंद्र खुराना ने बताया कि जब सीबीआई इस मामले की जांच कर रही थी, तब महेंद्रपाल बिट्टू के कहने पर लाई डिटेक्टर और ब्रेन मैपिंग टेस्ट भी करवाए गए लेकिन सीबीआई के हाथ कुछ भी नहीं आया। इन टेस्टों में महेंद्रपाल बिट्टू और अन्य आरोपी बेगुनाह पाए गए और सीबीआई ने उन्हें क्लीन चिट दे दी।
जतिंद्र खुराना ने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार ने बुरी नीयत से आखिर के 3 महीनों के दौरान गुरमीत राम रहीम सिंह का नाम इन मामलों में डालते हुए जांच तक की लेकिन उसमें भी सरकार के हाथ कुछ नहीं लगा। सरकार ने क्लीन चिट देने के बजाय अदालत में चालान पेश कर डेरा प्रमुख पर आरोप मड़ दिए। पंजाब में 20 फरवरी को चुनाव होने के बाद सरकार का जाना तय था लेकिन कांग्रेस के इशारे पर चुनाव होने के बाद 23 फरवरी को यह चालान जानबूझ कर पेश किया गया और झूठे आरोप डेरा सच्चा सौदा पर लगाए गए।
किसी भी एजेंसी से जांच करवाए आप सरकार
डेरा सच्चा सौदा के वकील हरीश छाबड़ा ने कहा कि पंजाब पुलिस ने इस मामले में काफी ज्यादा झूठ परोस दिया है और पंजाब पुलिस असली दोषियों को गिरफ्तार करने की जगह पर डेरा सच्चा सौदा को फंसाना चाहती है, इसलिए मौजूदा सरकार से अपील है कि वह इस मामले में देश की किसी भी बड़ी एजेंसी से जांच करवाए, ताकि असली दोषियों को गिरफ्तार किया जा सके। उन्होंने कहा कि आज भी बेअदबी करने वाले असली दोषी बाहर खुलेआम घूम रहे हैं, जबकि निर्दोष होने के बावजूद डेरा सच्चा सौदा को निशाना बनाया जा रहा है।
रणबीर खटड़ा की ब्रेन मैपिंग व लाई डिटेक्टर टेस्ट की मांग
डेरा सच्चा सौदा प्रवक्ता संदीप कौर और जतिंद्र खुराना ने मांग की कि पूर्व डीआईजी रणबीर खटड़ा की ब्रैन मैपिंग और लाई डिटेक्टर टेस्ट किया जाए, ताकि यह सच बाहर आ सके कि कौन से कांग्रेसी नेताओं के इशारे पर वह इस मामले में डेरा सच्चा सौदा को झूठा फंसाने और असली दोषियों को छोड़ना चाहते थे। उन्होंने मांग की कि यदि रणबीर खटड़ा ने कुछ भी गलत नहीं किया है तो वह खुद आगे आकर अपने यह टेस्ट करवाएं ताकि पंजाब सहित देश-विदेश में बैठे पंजाबियों को इस मामले की असली सच्चाई पता चल सके।