पंचकूला। बरवाला खंड के गांव भरैली में डेंगू कहर बरपा रहा है। गांव में 40 से अधिक लोग डेंगू से पीड़ित हैं। स्वास्थ्य विभाग की टीमें दौरा कर लोगों के उपचार में जुटी हैं। वहीं, विभागीय अधिकारी और सर्वे टीमें लोगों को गांव में स्वच्छता बनाए रखने के लिए लगातार जागरूक कर रहे हैं। स्थानीय लोगों ने बताया कि भरैली के अलावा दो अन्य गांव भागसी और बेड़ा जो पंजाब में हैं, वहां भी डेंगू के बहुत ज्यादा मरीज हैं। वहीं, सेक्टर-6 सामान्य अस्पताल में भर्ती कई मरीजों के स्वस्थ होने पर उन्हें वीरवार को छुट्टी भी दी गई है। अमर उजाला की टीम ने भरैली गांव पहुंचकर ग्रामीणों से बातचीत कर उनका हाल जाना। बीमारी से ग्रस्त पीड़ितों ने बताया कि सबसे पहले गले में दर्द की शिकायत होती है। इसके बाद उल्टी आने के साथ ही सीने में दर्द के साथ बुखार आता है। जब वे इलाज करवाने अस्पताल पहुंचे तो जांच में पता चला कि उनको डेंगू हो गया है। एक के बाद एक मरीज अस्पताल पहुंचने पर स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने गांव में जांच के आदेश दिए। वहीं, दूसरी तरफ आशा वर्कर को भी गांव में सर्वे करने के लिए कहा गया। आशा वर्कर ने घर-घर पहुंच कर सर्वे किया। इसमें पता चला कि करीब 40 से अधिक लोग बीमारी हैं। सर्वे के दौरान आशा वर्कर लोगों को साफ-सफाई पर ध्यान देने का आह्वान कर रही हैं।
कोरोना के चलते नहीं हो पाया सर्वे
स्वास्थ्य विभाग की तरफ से डेंगू के लारवे की जांच सही तरीके से नहीं हो पाई। क्योंकि स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों को कोरोना की स्पेशल ड्यूटी में लगाया गया था। इस कारण केवल साढ़े चार सौ नोटिस ही जिले के लोगों को दिए गए हैं। हर साल करीब तीन हजार नोटिस देकर लोगों को डेंगू से बचाव के लिए जागरूक किया जाता रहा है।
जिले में डेंगू के 60 केस आए सामने
पंचकूला स्वास्थ्य विभाग की सीएमओ डॉक्टर जसजीत कौर ने बताया कि जिले में डेंगू के 60 केस सामने आ चुके हैं। जिस गांव से डेंगू के मरीज आ रहे हैं, वहां दवा का छिड़काव करवाया जा रहा है। लोगों को पानी इकट्ठा न करने के निर्देश दिए गए हैं। यदि किसी व्यक्ति को लगता है कि वह बीमार है तो अस्पताल में डेंगू की जांच करवा सकता है।
मुख्य कारण
1. गांवों में नालियों की नहीं सफाई का न होना
2. पेयजल की पर्याप्त मात्रा में सप्लाई न होना
3. कूलर, फ्रीज में पानी का इकट्ठा अधिक होना
4. क्षेत्र में डेंगू की दवा का समय पर छिड़काव न होना
5. डेंगू के लारवा का समय पर टीम द्वारा सर्वे न होना
गांव में डेंगू के मरीज सामने आए हैं। इसके पीछे लोगों द्वारा साफ सफाई का पूरा ख्याल न रखना है। लोग कई दिनों तक घरों में पानी को स्टोर करके रखते हैं, जबकि लोगों को जागरूक करने के लिए सर्वे भी करवाया गया। बीमारी से बचाने के लिए स्वास्थ्य विभाग की टीमें लगातार दौरा कर रही हैं और क्षेत्र में दवाई का भी छिड़काव करवाया जा रहा है। - गुरचरण, सरपंच आरती के ससुर, गांव भरैली