पंचकूला। शहर से डोर टू डोर कूड़ा इकट्ठा करने वालों ने नगर निगम की बजट बैठक के चलते सेक्टर 14 किसान भवन के बाहर प्रदर्शन किया। इन लोगों ने किसान भवन के सामने धरना देकर सड़क को जाम रखा, जिसके चलते लोगों को वैकल्पिक रास्तों से गुजरना पड़ा। करीब 4 घंटे तक प्रदर्शन करते हुए नारेबाजी की गई। इसके बाद यूनियन के प्रधान सतपाल व अन्य पदाधिकारियों व जजपा नेता जसबीर जस्सी ने मेयर कुलभूषण गोयल को ज्ञापन भी सौंपा।
मेयर कुलभूषण गोयल ने कहा कि मैंने डोर टू डोर कूड़ा इकट्टा करने के लिए चयनित कंपनी को निर्देश दिए हैं कि आप लोगों को एडजस्ट किया जाए। आप लोगों को किसी भी हालत में बेरोजगार नहीं होने दिया जाएगा। सतपाल ने कहा कि वह लोग पिछले 25 -30 सालों से इस काम में लगे हैं। उन्हें पता चला है कि नगर निगम ने जिस ठेकेदार को इस कार्य का ठेका दिया है। वह अपने आदमियों से यह कार्य करवाना चाहता है। निगम की बैठक में जननायक जनता पार्टी के पार्षद सुशील गर्ग, राजेश निषाद व अरविंद जाखड़ ने भी इस मुद्दे को उठाया।