प्रदर्शन करते आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ता।
- फोटो : PKL OFFICE
पंचकूला। प्रदेश में बिजली की खराब व्यवस्था, दिल्ली की तर्ज पर 24 घंटे बिजली उपलब्ध कराने और 200 यूनिट फ्री बिजली देने की मांग को लेकर आप ने शनिवार को विरोध प्रदर्शन किया। इसका नेतृत्व पार्टी के जिला अध्यक्ष सुरेंद्र राठी ने किया। राठी ने कहा कि प्रदेश के किसानों को लंबित ट्यूबवेल कनेक्शन देने, दिल्ली की तर्ज पर 24 घंटे बिजली देने, 200 यूनिट फ्री बिजली देने और कोरोना काल के बिजली के बिल माफ करने की मांग को लेकर पंचकूला के शालीमार चौक पर प्रदर्शन किया।
सुरेंद्र राठी ने कार्यकर्ताओं से कहा कि उक्त मांगों को लेकर प्रदेश की जनता लगातार आवाज उठा रही है, लेकिन प्रदेश की भाजपा-जजपा सरकार इसको लेकर चुप्पी साधे हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार को कुंभकर्णी नींद से जगाने के लिए आज पार्टी ने पूरे प्रदेश में प्रदर्शन किया है। राठी ने कहा कि प्रदेश में न तो 24 घंटे बिजली मिल पा रही है, ना ही किसानों से लाखों की राशि भरवाने के बाद ट्यूबवेल कनेक्शन दिए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि दिल्ली में आम आदमी पार्टी की सरकार ने 200 यूनिट फ्री बिजली देने का काम किया है। दिल्ली की जनता को 24 घंटे बिजली की आपूर्ति हो रही है। इसके बावजूद दिल्ली का बजट प्रॉफिट में है। वहीं, हरियाणा में स्थिति इसके उलट है। हरियाणा की स्वास्थ्य, शिक्षा नीति का हाल किसी से छिपा नहीं है। डिग्रीधारी करोड़ों बेरोजगार सड़कों पर धक्के खा रहे हैं। उन्होंने कहा कि आज आम आदमी पार्टी प्रदेश की जनता के साथ मिलकर सरकार को जगाने का प्रयास कर रही है। यदि इसके बाद भी सरकार नहीं जागी और मांगों को पूरा नहीं किया तो पार्टी आम जनता के साथ मिलकर आंदोलन करेगी। इस मौके पर जगमोहन बट्टू, शंकर सागर, नसीब सिंह सोशल मीडिया अध्यक्ष और गांव का नाम, राकेश पंडित, प्रवीण देवराज, कपिल योगी, अजय गुप्ता, योगी मथूरिया, राजवीर दलाल रोशन लाल, रितिक, रवि, बृजेश, शिव कुमार, रिंकू, वीरू, अभिषेक आदि मौजूद रहे।