चंडीगढ़। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और नेता प्रतिपक्ष प्रताप सिंह बाजवा ने पंजाब के राज्यपाल बनवारीलाल पुरोहित को पत्र लिखकर सूबे में अवैध खनन संबंधी पंजाब के कैबिनेट मंत्री अनमोल गगन मान द्वारा लगाए गए आरोपों की सीबीआई या ईडी से जांच कराने की मांग की है। उन्होंने राज्यपाल से अनमोल गगन मान को प्रमुख गवाह बनाने का आग्रह किया, जिन्होंने अवैध रेत खनन के गंभीर आरोपों को सार्वजनिक रूप से सामने रखा है। शनिवार को भेजे पत्र में बाजवा ने लिखा- मैं आपके ध्यान में अवैध खनन के महत्वपूर्ण मुद्दा ला रहा हूं। राज्य में राजनीतिक संरक्षण के कारण अवैध खनन लगातार जारी है। प्रदेश की वर्तमान सरकार इसे प्रभावी रूप से रोकने में विफल रही है, इस कारण राज्य को खतरनाक परिणाम भुगतना पड़ रहा है।
उन्होंने लिखा कि स्थिति यह है कि रेत की अनुपलब्धता के कारण राज्य में निर्माण गतिविधियां ठप हो गई हैं, जिससे निर्माण कार्य में लगे गरीब असंगठित श्रमिकों की आजीविका प्रभावित हो रही है। बाजवा ने लिखा कि अवैध खनन को राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए खतरा बताते हुए बीएसएफ के अधिकारियों ने भी हैरान करने वाले खुलासे किए हैं। बाजवा ने कहा कि इसमें संदेह नहीं है कि मौजूदा सरकार राजनेताओं की मिलीभगत से चल रही इस बेशकीमती प्राकृतिक संसाधन की लूट को रोकने में बुरी तरह विफल रही है। उन्होंने कहा कि उन्होंने आवश्यक कार्रवाई के लिए मामले को मुख्यमंत्री भगवंत मान के संज्ञान में लाने की सोची थी, लेकिन वह भी उसी राजनीतिक दल का हिस्सा हैं और शायद अपने कैबिनेट मंत्रियों की अवैध गतिविधियों के खिलाफ नहीं जा सकेंगे। इसलिए मामले पर आपका ध्यान चाहता हूं और बड़े पैमाने पर अवैध खनन को रोकने के लिए केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) या प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) से जांच का आदेश देने का अनुरोध करता हूं।