पंचकूला। प्राइवेट स्कूल वेलफेयर एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने कालका विधायक प्रदीप चौधरी को एक ज्ञापन सौंपकर मुख्यमंत्री तक उनकी गुहार पहुंचाने की मांग की है। विधायक प्रदीप चौधरी ने एसोसिएशन का ज्ञापन हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल को ईमेल से भेजकर स्कूलों को खोलने की मांग पर विचार करने की बात कही है।
विधायक प्रदीप चौधरी ने बताया कि स्कूल वेलफेयर एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने उन्हें बताया कि कोरोना महामारी के चलते शिक्षण संस्थाएं बंद हैं। ऐसे में प्राइवेट स्कूल भी बंद हैं, जिससे खासकर छोटे बच्चों की शिक्षा पर गहरा असर पड़ रहा है। ऑनलाइन एजुकेशन के लिए अभिभावकों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। अभिभावकों के लिए मोबाइल की व्यवस्था करना भी आर्थिक स्थिति को नुकसान पहुंचा रहा है। ऐसे में प्राइवेट स्कूल एसोसिएशन की मांग है कि स्कूल खोले जाएं। इसके हक में अभिभावक भी हैं।