पिंजौर। 58 वर्ष की सेवा सुरक्षा की मांग को लेकर राजकीय बहुतकनीकी संस्थान नानकपुर (पिंजौर) में कार्यरत अतिथि लेक्चरर एवं अनुदेशकों के प्रतिनिधि मंडल ने शिवालिक विकास मंच के प्रधान एडवोकेट विजय बंसल को ज्ञापन सौंपा। प्रतिनिधिमंडल ने उनको अपनी समस्याओं से भी अवगत करवाया। पूर्व चेयरमैन विजय बंसल ने राजकीय बहुतकनीकी गेस्ट फैकल्टी एसोसिएशन हरियाणा के प्रतिनिधि मंडल में आए उपप्रधान कविता, कलस्टर हेड सचिन, गुलवंदर, सदस्य संजय कुमार, प्रदीप, कविता, मनदीप, विजयपाल, मनोज कुमार को आश्वस्त किया कि उनकी मांगों को हर मोर्चे पर उठाने का काम करेंगे। इसके साथ ही वह मुख्यमंत्री मनोहर लाल व कैबिनेट मंत्री अनिल विज को कर्मचारियों की मांगों से अवगत करवाएंगे। उन्हें उम्मीद है कि कर्मचारियों की मांगों को जल्द पूरा किया जाएगा।
कर्मचारियों ने बताया कि 10 साल से प्रदेश के विभिन्न सरकारी राजकीय बहुतकनीकी संस्थानों में करीब 498 लेक्चरर एवं अनुदेशक काम कर रहे हैं। जॉब सिक्योरिटी न होने से हमेशा भय बना रहता है। जिस तरह स्कूल के गेस्ट टीचर को 58 साल तक की सेवा सुरक्षा मिली है, उन्हें भी ऐसे ही सेवा सुरक्षा मिले।
कर्मचारियों ने बताया कि उनके संस्थान में अध्यापन के साथ-साथ नियमित कर्मचारियों की तरह अतिरिक्त ड्यूटियां लगाई जाती हैं, जैसे दाखिला, परीक्षा, जागरूकता शिविर, चुनाव, प्रैक्टिकल एवं इंटरनल एक्सटर्नल मार्किंग। इससे लेक्चरर पर मानसिक दबाव बढ़ता है, लेकिन वहीं दूसरी तरफ किसी प्रकार की जॉब सुरक्षा न होने से तनाव रहता है।