पंचकूला/रायपुररानी। बर्ड फ्लू के कारण रायपुररानी-बरवाला के पोल्ट्री फार्मों पर चौथे दिन भी रैपिड टास्क फोर्स की टीमों ने नरेंद्र पोल्ट्री फार्म में मुर्गियों को मारने का अभियान जारी रखा। इस दौरान टीम ने पोल्ट्री फार्म में 8935 बर्ड्स को मारा और पांच सौ अंडे नष्ट किए। अब तक रैपिड टास्क फोर्स की टीम ने रायपुररानी-बरवाला के पोल्ट्री फार्मों में 29,855 मुर्गियों को मार दिया है। इसके अलावा 1340 अंडे नष्ट कर दिए हैं। मरी मुर्गियों को जेसीबी से गड्ढा करके उसमें दबाया जा रहा है।
रैपिड रिस्पांस की टीमों ने मंगलवार सुबह दस बजे आपरेशन शुरू किया। इस दौरान एक किलोमीटर के संक्रमित जोन में नाका लगाकर वहां आनेजाने पर पाबंदी लगा दी। जिला उपायुक्त मुकेश कुमार आहूजा ने बताया जिले के दो पोल्ट्री फार्मों में बर्ड फ्लू की पुष्टि होने के चौथे दिन रैपिड रिस्पांस की टीमों ने नरेंद्र पोल्ट्री फार्म में आपरेशन शुरू किया।
गौरतलब है कि जिन पोल्ट्री फार्म में बर्ड फ्लू के लक्षण मिले हैं, उनसे एक किलोमीटर का दायरा संक्रमित जोन में शामिल है, जबकि एक से 10 किलोमीटर की परिधि के क्षेत्र को सर्विलांस जोन में रखा गया है। बर्ड फ्लू के लिए गठित स्पेशल टास्क फोर्स में उपायुक्त समेत अतिरिक्त उपायुक्त, नगर निगम कमिश्नर, एसडीएम, पंचकूला और कालका, सचिव आरटीए, सीएमओ, अतिरिक्त निदेशक, पशु पालन विभाग, पिंजौर व मोरनी के डिविजनल फारेस्ट अधिकारी, जिला वाइल्ड लाइफ अधिकारी, डीपीआरओ, तहसीलदार रायपुररानी और नायब तहसीलदार, बरवाला, खंड विकास और पंचायत अधिकारी, रायपुररानी व बरवाला शामिल हैं।
जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी एवं बर्ड फ्लू के नोडल अधिकारी कंवर दमन सिंह ने बताया कि 40 रैपिड रिस्पांस टीमें ऑपरेशन कर रही हैं। इन टीमों को इंफेक्शन न हो इसके लिए रायपुररानी के चार स्कूलों में सभी टीमों को क्वारंटाइन किया जा रहा है। रैपिड रिस्पांस टीम में पशुपालन विभाग की टीम के साथ स्थानीय प्रशासन की ओर से रायपुररानी अस्पताल के एसएमओ संजीव गोयल, तहसीलदार जोगिंद्र शर्मा, वेटरनरी सर्जन शरद खैरवाल मौके पर मौजूद रहे। टीम सदस्यों ने बताया कि विभागीय गाइड लाइन अनुसार पूरा आपरेशन कार्यक्रम चलाया जा रहा है। जिले के अन्य पोल्ट्री फार्मों के सैंपल की रिपोर्ट भी बुधवार को आ जाएगी।
क्षेत्र-रायपुररानी
आपरेशन का दायरा-एक किलोमीटर
रैपिड रिस्पांस टीम 40
मुर्गिंया मारीं
पहले दिन 3700 बर्ड्स
दूसरे दिन 9345 बर्ड्स
तीसरे दिन 7865 बर्ड्स
चौथे दिन 8945 बर्ड्स
कुल बर्ड्स 29855 बर्ड्स
अब तक नष्ट अंडे
पहले दिन 200
दूसरे दिन 340
तीसरे दिन 300
चौथे दिन 500
कुल अंडे 1340