पंचकूला। नवरात्र के सातवें दिन शुक्रवार को श्री माता मनसा देवी मंदिर में अन्य दिनों की अपेक्षा श्रद्धालुओं की ज्यादा भीड़ उमड़ी। सप्तमी और अष्टमी पर भारी संख्या में श्रद्धालु माता के दरबार में हाजिरी लगाने के लिए पहुंचते हैं। इसको देखते हुए परिवहन विभाग ने मंदिर में आने वाली बसों के समय भी और रूट भी बढ़ा दिए हैं। कतारों में खड़े श्रद्धालु माता के जयकारे लगाते रहे। शुक्रवार को गर्मी ज्यादा होने के कारण श्रद्धालुओं के हाथों में पानी की बोतल भी नजर आई। माता के दरबार में दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं के लिए राहत की बात यह है कि लाइन लगने की जगह पर श्रद्धालुओं के लिए शेड बनाया गया है। जहां शेड खत्म हो जाता है उससे आगे टेंट लगाकर छांव की व्यवस्था की गई है। उन्हें गर्म जमीन पर खड़ा न होना पड़े इसके लिए मैट भी बिछाया गया है।
देशभर से हर रोज श्रद्धालु श्री माता मनसा देवी के मंदिर में पहुंच रहे हैं। दूसरे देशों में रहने वाले भारतीय भी माता के दर्शन करने के लिए पहुंच रहे हैं। मंदिर परिसर में सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता प्रबंध किए गए हैं। पुलिस के 15 नाके लगाए गए हैं, जिन पर जांच अभियान चलाया जाता है। पुलिस कर्मियों ने बॉडी कैमरे भी लगाए हुए हैं। वहीं 24 घंटे को तीन शिफ्टों में बांट कर नोडल अधिकारी भी नियुक्त किए गए हैं।
-------------------------------------------------------
मुख्य सचिव संजीव कौशल पहुंचे दर्शन करने
हरियाणा के मुख्य सचिव संजीव कौशल ने अपनी पत्नी नमिता कौशल के साथ शुक्रवार को श्री माता मनसा देवी मंदिर में महामाई का आशीर्वाद लिया। उन्होंने मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना की। इसके उपरांत कौशल ने माता मनसा देवी मंदिर परिसर में स्थित यज्ञशाला में मंत्रोच्चारण के बीच हवन में हिस्सा लिया और आहुति डाली। इस मौके पर संजीव कौशल को उपायुक्त एवं श्री माता मनसा देवी पूजा स्थल बोर्ड के मुख्य प्रशासक महावीर कौशिक ने श्री माता मनसा देवी का चित्र भेंट किया। यहां पर श्री माता मनसा देवी पूजा स्थल बोर्ड के मुख्य कार्यकारी अधिकारी अशोक कुमार बंसल, सचिव शारदा प्रजापति, एसडीओ राकेश पाहूजा और बोर्ड के गैर सरकारी सदस्य अमित जिंदल भी उपस्थित थे।
श्रद्धालुओं ने अर्पित किए साढ़े 25 लाख रुपये
चैत्र नवरात्र मेले के सातवें दिन श्री माता मनसा देवी, श्री काली माता मंदिर कालका और चंडी माता मंदिरों में श्रद्धालुओं ने माता के दर्शन किए और कुल 25 लाख 43 हजार 369 रुपये की राशि दान स्वरूप अर्पित की। श्री माता मनसा देवी मंदिर में शुक्रवार को लगभग 40, 000 श्रद्धालुओं ने दर्शन किए। इस संबंधी उपायुक्त एवं माता मनसा देवी श्राइन बोर्ड के मुख्य प्रशासक महावीर कौशिक ने बताया कि श्री माता मनसा देवी मंदिर में 21 लाख 05 हजार 195 रुपये, श्री काली माता मंदिर कालका में 3 लाख 56 हजार 34 रुपये और चंडी माता मंदिर में 82 हजार 140 रुपये दान स्वरूप अर्पित किए गए। उन्होंने बताया कि श्री माता मनसा देवी मंदिर में सोने के 12 नग और चांदी के 153 नग और काली माता मंदिर कालका में चांदी के 34 नग और चंडी माता मंदिर में चांदी का एक नग दान स्वरूप अर्पित किया गया। उपायुक्त ने बताया कि शुक्रवार को श्रद्धालुओं ने 79 यूएसए, 150 कनाडा, 75 आस्ट्रेलिया और 15 इंग्लैंड की करेंसी भी दान स्वरूप अर्पित की।