रिटायर्ड डीजीपी के पेंशन खाते से उड़ाए 1.28 लाख रुपये
फरवरी और मार्च महीने में की कार्ड क्लोनिंग
अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़। पंजाब के एक रिटायर्ड डीजीपी के पेंशन खाते से किसी अज्ञात शख्स ने 1,28,500 रुपये साफ कर दिए हैं। आरोपी ने कार्ड क्लोनिंग के जरिए दो बार ट्रांजेक्शन में बैंक खाते से रकम गायब की। आरोपी ने पहली ट्रांजेक्शन 28 फरवरी के आसपास और दूसरी मार्च महीने की शुरुआत में की। ‘नटवरलाल’ का निशाना सेक्टर-11 निवासी एवं पंजाब से रिटायर्ड डीजीपी एसके वर्मा बने।
डीजीपी को खाते से रकम गायब होने का पता करीब 15 दिन बाद उस समय लगा, जब वह बैंक में पेंशन खाते की जानकारी लेने पहुंचे। खाते की स्टेटमेंट देखकर वे हैरत में पड़ गए। खाते से 1 लाख 28 हजार 500 रुपये गायब देख उन्होंने बीते वीरवार को सेक्टर-3 थाना पुलिस को शिकायत दी। पुलिस को बताया कि उनका पेंशन खाता सेक्टर-7 स्थित स्टेट बैंक ऑफ इंडिया में है। आरोपी ने पहली ट्रांजेक्शन में खाते से 1 लाख रुपये निकाले। दूसरी में 28,500 रुपये गायब किए।
अब थाना पुलिस बैंक प्रबंधन से शिकायतकर्ता के खाते से संबंधित रिकॉर्ड को हासिल करने के प्रयास में जुटी है ताकि उस जगह का पता लग सके, जहां से आरोपी ने रकम साफ की। पुलिस को किसी सीसीटीवी फुटेज के हाथ लगने की उम्मीद भी है।