बाथरूम का केयर टेकर समझ पकड़ाया कीमती बैग, आरोपी लेकर फरार
चंडीगढ़। जिला देहरादून, उत्तराखंड निवासी अत्तर सिंह से बस स्टैंड-17 पर एक अज्ञात शख्स धोखाधड़ी कर उनका कीमती बैग लेकर फरार हो गया। बैग में जीपीएस टर्मिनल, निकोन कैमरा, दो लैंस, दो पेन ड्राइव, एक डाटा नोट बुक और कुछ कपड़े मौजूद थे। अज्ञात आरोपी के फरार होने पर अत्तर सिंह को उनसे हुई धोखाधड़ी का पता लगा।
शिकायत पर पहुंची सेक्टर-17 थाना पुलिस को अत्तर सिंह ने बताया कि वे किसी काम से चंडीगढ़ आए थे। इसके बाद अत्तर सिंह वापस लौटने के लिए 13 जुलाई की रात करीब दस बजे बस स्टैंड-17 के काउंटर नंबर-11 से बस पकड़ने पहुंचे। बस के आने में कुछ देरी होने पर अत्तर सिंह शौच के लिए बस स्टैंड के ही शौचालय की तरफ बढ़े। वहां खड़े एक व्यक्ति ने बताया कि वह शौचालय का केयर टेकर है। उसके विश्वास में आकर अत्तर सिंह ने अपना बैग साथ अंदर ले जाने के बजाय उसे पकड़ा दिया। जब वह वापस बाहर निकले तो ठग को गायब पाया। थाना-17 पुलिस ने अज्ञात ठग के खिलाफ केस दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।