एफबार में फायरिंग : सलारिया ने ही तलाशी लेने से किया था मना
-अदालत में वकील ने कहा- वारदात के समय गुनकरण था घर पर, फिर भी गिरफ्तारी
-आरोपी को एक दिन के रिमांड पर लेकर पूछताछ में जुटी पुलिस
अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़। सांसद किरण खेर के राजनीतिक सलाहकार सहदेव सलारिया की बीते सोमवार की रात सेक्टर-26 स्थित एफबार में आयोजित बर्थडे पार्टी में फायरिंग मामले में बार के सिक्योरिटी गार्ड बलतेज सिंह ने अदालत में याचिका दायर की है। याचिका में बलतेज सिंह ने कहा है कि सहदेव सलारिया ने ही सिक्योरिटी गार्ड को पार्टी में आ रहे गेस्ट की चेकिंग नहीं करने को कहा था। वहीं, पुलिस ने मामले के आरोपी एफबार के मालिक गुनकरण सिंह को अदालत में पेश किया। पुलिस की ओर से फरार आरोपियों की धरपकड़ के लिए आरोपी के रिमांड की मांग पर एक दिन का रिमांड दिया है।
बचाव पक्ष के वकील ने कहा कि गुनकरण को मामले में फंसाया गया है। वारदात के समय गुनकरण मौके पर मौजूद नहीं थे। जब वह मौका-ए-वारदात पर पहुंचे तो उस दौरान पुलिस आ चुकी थी। बचाव पक्ष ने कोर्ट में दलील दी कि आरोपी को पूछताछ के लिए दो बार थाने में बुलाया, लेकिन दूसरी बार गुनकरण को बिना सुबूत के गिरफ्तार कर लिया गया। वकील ने कहा कि वारदात में एक पुलिसकर्मी का बेटा भी शामिल है, लेकिन पुलिस उसे गिरफ्तार करने के बजाय कैफे के मालिक को गिरफ्तार कर मामला दबाने के प्रयास में है।
याचिका में कहा है कि बार में 16 से 20 सीसीटीवी कैमरे लगे हैं। पुलिस ने बार की सीसीटीवी फुटेज को भी बिना स्लिप दिए कब्जे में लिया। इस वजह से फुटेज से छेड़छाड़ किए जाने का अंदेशा है। कोर्ट में पुलिस के कब्जे में ली सीसीटीवी फुटेज और उसकी स्लिप गुनकरण को देने की अपील की गई। कोर्ट में वकील ने गुनकरण की गिरफ्तारी के आधार को भी लिखित में दिए जाने की अपील की। दोनों पक्षों को सुनकर अदालत ने गुनकरण के एक दिन के रिमांड की मंजूरी दे दी। गुनकरण को अदालत में वीरवार को पेश किया जाएगा।
बचाव पक्ष ने पेश किए सबूत
बचाव पक्ष के वकील ने कोर्ट में एक पेनड्राइव पेश की। ड्राइव में वारदात के समय गुनकरण के घर पर मौजूद होने की जानकारी दी गई है। गुनकरण ने बार के एक मेंबर से व्हाट्सएप चैट को भी पेश किया, जिसमें गुनकरण ने लिखा है कि ‘मैं आ रहा हूं और किसी भी चीज को छूना मत’ और वारदात की सूचना पुलिस को देने को भी कहा है। वकील ने वारदात के समय की गुनकरण की मोबाइल लोकेशन को भी अदालत में पेश किया।