वकीलों की चेतावनी- दो नहीं, सभी आरोपियों पर दर्ज हो हत्या के प्रयास का मुकदमा, तब तक वर्क सस्पेंड
- 500 से अधिक केसों में पड़ी अगली डेट, हत्या के प्रयास के आरोपियों को पुलिस ने लिया रिमांड
- वकीलों का कहना पुलिस की ओर से अभी तक नहीं की जा रही है कोई कार्रवाई
- रिमांड लेने के बाद अन्य आरोपियों को गिरफ्तार करने के लिए पुलिस दे रही दबिश
अमर उजाला ब्यूरो
पंचकूला। ढाबा चिकन कैन में खाना खाने गए वकील दिपांकुर शर्मा, रोहित सरोहा, कमितक सखनपाल से मारपीट के मामले में वकीलों की ओर से जिला अदालत में बुधवार को भी वर्क सस्पेंड रहा। इस दौरान वकीलों ने मारपीट के मामले में सभी आरोपियों पर हत्या के प्रयास की धारा के तहत केस दर्ज करने की मांग की।
वर्क सस्पेंड होने के कारण जिला अदालत में 500 से अधिक केसों में सुनवाई नहीं हुई। वकीलों का कहना है कि जब तक पुलिस मारपीट के मुख्य आरोपी सहित सभी पर हत्या के प्रयास का केस नहीं दर्ज करती है तब तक जिला अदालत में वर्क सस्पेंड रहेगा। पंजाब एवं हरियाणा बार काउंसिल के आह्वान पर हाईकोर्ट, चंडीगढ़ जिला बार एसोसिएशन और पंचकूला जिला बार एसोसिएशन की ओर से कोर्ट में वर्क सस्पेंड रखा गया है। वरिष्ठ वकील दिनेश जांगड़ा ने कहा कि वकीलों को ढाबे में खाना खाते वक्त जिस तरह से पुलिस के हेड कांस्टेबल सुनील कुमार सहित 15 से 20 लोगों ने पीटा है। उन पर सख्त कार्रवाई पुलिस को करनी चाहिए। उन्होंने पंचकूला पुलिस पर आरोप लगाते हुए कहा कि पुलिस की ओर से मामले में हत्या के प्रयास के संबंध में कार्रवाई नहीं की जा रही है। पुलिस के आलाधिकारी मामले को दबाने में लगे हैं।
वकीलों का आरोप पुलिस मुख्य आरोपी को बचाने में लगी
वकील दिनेश जांगड़ा ने आरोप लगाया कि मामले के मुख्य आरोपी हेड कांस्टेबल सुनील कुमार को पुलिस बचाने में लगी है। हालांकि उसे सस्पेंड कर दिया गया है। पुलिस अभी तक आरोपी को गिरफ्तार नहीं कर पाई है। अभी तक मुख्य आरोपी सहित अन्य पर हत्या के प्रयास का केस दर्ज नहीं किया गया है। एसआईटी की एसीपी क्राइम नुपूर बिश्नोई , क्राइम ब्रांच के इंस्पेक्टर करमबीर सिंह ने बताया कि मामले की तफ्तीश जारी है। जल्द ही अन्य आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा। पंचकूला के डीसीपी कमलदीप गोयल ने बताया कि मामले की जांच जारी है।
पुलिस ने लिया दो दिन का रिमांड
तीन वकीलों से मारपीट मामले में गिरफ्तार किए गए आरोपी विजय कुमार निवासी जिला बांदा, सूरज कुमार मुअर बाजार जिला सिवान को कोर्ट में पेश किया गया। आरोपियों को पुलिस ने दो दिन के रिमांड पर लिया। पुलिस ने कोर्ट में दलील दी कि मामले में अन्य आरोपियों को पकड़ने के लिए दो दिन का रिमांड दिया जाए। इस पर कोर्ट ने स्वीकृति दे दी। सेक्टर-5 थाना प्रभारी रामपाल सिंह ने बताया कि आरोपियों को पकड़ने के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही है। मामले में एक नाबालिग आरोपी पकड़ा गया था। उसे भी जुवेनाइल होम भेज दिया गया है।
कोर्ट परिसर छावनी में रहा तब्दील
वर्क सस्पेंड होने के कारण मंगलवार को जिला अदालत में भारी पुलिस बल तैनात रहा है। कोर्ट परिसर के बाहर पीसीआर सहित अन्य गाड़ियां तैनात रहीं। इस दौरान कोर्ट आने जाने वाले लोगों की पुलिस ने जमकर चेकिंग की। ताकि कोर्ट परिसर में शांति व्यवस्था बनी रही।
पुलिस की ओर से कराई जा रही है सीसीटीवी कैमरे में शिनाख्त
पुलिस की ओर से सीसीटीवी कैमरे पर आरोपियों की शिनाख्त की जा रही है। दिनभर आरोपियों की पहचान के लिए मार्केट के लोगों को बुलाकर सीसीटीवी फुटेज देखी जा रही है। पुलिस जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार करेगी।
मामले की तफ्तीश कर आरोपियों की पहचान की जा रही है। जल्द ही पुलिस दबिश देकर सभी आरोपियों केे गिरफ्तार कर लेगी।
- रामपाल सिंह, थाना प्रभारी, सेक्टर -5