घग्गर नदी में डूबने से दो साल की बच्ची की मौत
- नदी की ओर मां के साथ शौच करने गई थी
- सूचना पर पहुंची पुलिस ने की मामले की जांच
अमर उजाला ब्यूरो
पंचकूला। शौच के लिए मां के साथ गई दो साल की बच्ची की घग्गर नदी में डूबकर मौत हो गई। बच्ची की मौत के बाद घर में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामले की जांच के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। घग्गर नदी के पास झुग्गी बनाकर यह लोग रह रहे थे।
वीरवार दोपहर 12 बजे घग्गर नदी में एक दो साल की बच्ची स्वाति की डूबने से मौत हो गई। बच्ची की मां माया ने बताया कि जब वह शौच के लिए नदी के पास जंगलों में गई थी। तो इसी दौरान बच्ची नदी में जा गिरी। इसके बाद शोर मचाने पर पहुंचे आसपास के कई लोगों ने नदी में जाकर बच्ची को बाहर निकाला, लेकिन उस दौरान उसकी सांसे नहीं चल रही थी। इसके बाद सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी। बच्ची के पिता दरबेश ने बताया कि वे बदायूं के रहने वाले है और पंचकूला में दिहाड़ी का काम करते हैं। उनकी पत्नी माया भी दिहाड़ीदार मजदूर है। सूचना पर पहुंची सेक्टर-7 चौकी पुलिस चौकी ने जांच के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। वहीं, चंडीमंदिर पुलिस ने भी मामले की जांच की है। क्योंकि घग्गर का एरिया चंडीमंदिर पुलिस में आता है। मृतक स्वाती के पिता दरबेश ने बताया कि उनके चार बच्चे हैं। इसमें दो लड़के और दो लड़कियां हैं। चंडीमंदिर पुलिस नवीन कुमार ने बताया कि मामले की जांच के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है।