जलौली में माइनिंग ठेकेदार के कारिंदों ने मारपीट कर दी जान से मारने की धमकी
- कुरुक्षेत्र निवासी विशाल सहित कई अन्य युवकों को किया काबू, कई धाराओं में केस दर्ज
- आरोपियों को आज जिला अदालत में पेश किया जाएगा
अमर उजाला ब्यूरो
बरवाला। राष्ट्रीय राजमार्ग-73 पर स्थित नगर निगम के गांव जलौली में नटवाल रेत खनन से जुड़े ठेकेदारों के कारिंदों ने एक व्यक्ति से मारपीट की और उसे जान से मारने की धमकी दी। इस दौरान मौके पर पहुंचे व्यक्ति के परिजनों ने आरोपियों से बंदूक छीन ली। इसके बाद घटनास्थल पर पहुंची बरवाला पुलिस ने कई युवकों काबू करते हुए उनके खिलाफ 148, 149, 323, 506, आईपीसी 120बी व आर्म्स एक्ट 25, 54, 59 के तहत मुकद्दमा दर्ज किया। इन आरोपियों को आज जिला अदालत में पेश किया जाएगा।
जानकारी के अनुसार शिकायत में पीड़ित संजीव कुमार पुत्र धर्म सिंह व अशोक कुमार पुत्र ठाठ सिंह ने बताया कि वे अपने खेतों की ओर घूमने जा रहे थे, जैसे ही वे श्मशान घाट के नजदीक जंगल में पहुंचे तो वहां पहले से मौजूद एक बोलेरो गाड़ी के पास करीब 7 से 8 लड़के खड़े थे। जिनमें से एक विशाल पुत्र अमर प्रताप वासी छोटा बाजार जिला कुरुक्षेत्र ने अपने कंधे पर बंदूक रखी हुई थी और दूसरे युवक राजकुमार उर्फ राजू पुत्र जयभगवान वासी गांव भंडारी जिला पानीपत ने अपने हाथ में रिवाल्वर ली हुई थी और इनके साथ ही सज्जन व चार अन्य लड़के मौजूद थे। इस दौरान विशाल ने गाली देते हुए कहा कि तुम यहां माइनिंग करते हो और ये रेत तुमने निकाल रखी है और अन्य युवकों के साथ मिलकर मारपीट शुरू कर दी। इस बाद उन्होंने बंदूक तानते हुए जान से मारने की धमकी दी। इसी बीच अशोक कुमार ने परिजनों को सूचित कर दिया। जिसके बाद मौके पर भाई पुष्पिन्द्र पुत्र धर्म सिंह, प्रताप पुत्र बनारसी दास, शालू पुत्र दर्शन व संजीव कुमार पुत्र रामपाल वासी जलौली व परिवार के अन्य कई लोग मौके पर पहुुंच गए और इन्होंने विशाल के हाथ से बंदूक छीनकर उसे मौके पर ही पकड़ लिया। इसके बाद बरवाला पुलिस चौकी में सूचना दी। इसी दौरान इन कारिंदों के करीब 15-16 साथी गाड़ियों में वहां पहुंच गए। लेकिन मौके पर अपने कर्मचारियों के साथ पहुंचे बरवाला पुलिस चौंकी इंचार्ज ऋषि पाल ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपियों को असलहे सहित काबू कर लिया। इस दौरान पीड़ित संजीव कुमार ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि अगर परिवार वाले व अन्य ग्रामीण मौके पर न आते तो ये लोग हमें जान से मार देते। उन्होंने कहा कि ये पूरी कार्रवाई विष्णु एंटरप्राइजेज प्राईवेट लिमिटेड के मालिक विरेन्द्र रावल उर्फ मोनू, राजबीर पुनिया व सुभाष मट्टावाला के इशारे पर एक षड्यंत्र के तहत की गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि इन लोगों ने गांव नटवाल में टांगरी नदी घाट का ठेका लिया हुआ है और अपनी गुंडागर्दी व अवैध माइनिंग बरवाला के आसपास के एरिया के गांवों से करवा रहे हैं। वहीं, पुलिस चौंकी इंचार्ज ऋषि पाल ने बताया कि संजीव कुमार की शिकायत पर विष्णु एंटरप्राइजेज लिमिटेड के मालिक विरेन्द्र रावल उर्फ मोनू, राजबीर पुनिया, सुभाष मट्टावाला, विशाल पुत्र अमर प्रताप, राजकुमार उर्फ राजू पुत्र जयभगवान, सज्जन पुत्र श्रीराम व अन्य कई युवकों के खिलाफ 148, 149, 323, 506, आईपीसी 120बी व आर्म्स एक्ट 25, 54, 59 के तहत मुकद्दमा दर्ज किया है। उपरोक्त सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है जिन्हें आज जिला अदालत में पेश किया जाएगा।