नशेड़ी ने 90 वर्षीय पिता को पीटा, दम घोटकर कर मार डाला
नशे के लिए मकान बेचना चाहता था आरोपी, आरोपी की बेटी की शिकायत पर केस दर्ज
अमर उजाला ब्यूरो
मोगा। निहाल सिंह वाला सब डिवीजन के तहत गांव घोलिया खुर्द में सोमवार रात एक नशेड़ी बेटे ने अपने 90 वर्षीय बुजुर्ग पिता की बेरहमी से पीटा। इसके बाद आरोपी ने मुंह और नाक बंद कर दम घोंट दिया।
जिला पुलिस प्रमुख गुरप्रीत सिंह तूर ने बताया कि आरोपी सेवक सिंह गांव घोलिया खुर्द खिलाफ अपने बाप किरपाल सिंह की हत्या करने पर आरोपी की बेटी बलजीत कौर (19) की शिकायत पर केस दर्ज किया है। उन्होंने बताया कि आरोपी वारदात बाद फरार हो गया और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।
थाना निहाल सिंह वाला प्रमुख दिलबाग सिंह ने बताया कि पीड़ित बलजीत कौर ने पुलिस को दिए बयान में कहा कि वह चार बहने हैं और उनका कोई भाई नहीं है। उसका तकरीबन एक साल पहले राजस्थान में विवाह हुआ है। उसका चाचा चमकौर सिंह मलयेशिया में रहता है और उसकी मां महिंदर कौर कुछ दिन पहले मलेशिया चली गई है। पीड़ित ने बताया कि उसका पिता सेवक सिंह नशेड़ी है। दादा किरपाल सिंह अक्सर बीमार रहते थे। इस पर डॉक्टरों ने जवाब दे दिया और कहा कि उनकी उम्र अधिक है, इसलिए घर ले जाकर उनकी सेवा करें। वह अपने दादा की सेवा के लिए करीबन 10 महीने से मायके गांव घोलिया खुर्द आई थी। बलजीत कौर के मुताबिक उसका नशेड़ी पिता सेवक सिंह अपने पिता किरपाल सिंह जो पीड़ित का दादा है, से नशे के लिए पैसों की मांग करता था। पैसे देने से इंकार करने पर उसका पिता दादा पिटाई करता था। आरोपी अपने पिता किरपाल सिंह को नशे के लिए पैसों के लिए मकान बेचने के लिए मजबूर कर रहा था।
पुलिस के मुताबिक सोमवार को देर रात आरोपी सेवक सिंह ने पिता की ओर से नशे के लिए पैसे न देने और घर बेचने से इंकार करने पर गुस्से में आ गया। पहले आरोपी बुजुर्ग पिता की छाती पर बैठ गया और मुंह मुक्के बरसाए। इसके बाद मुंह और नाक पर हाथ रखकर सांस रोक दिया और जान ले ली। थाना निहाल सिंह वाला पुलिस ने पोस्ट मार्टम के बाद शव वारिसों को सौंप दिया है।