कर्ज से परेशान किसान ने जहर खाकर जान दी
आढ़ती पर खुदकुशी के लिए उकसाने का मामला दर्ज
आढ़ती एसोसिएशन ने केस रद्द करने की मांग उठाई
अमर उजाला ब्यूरो
बरनाला। जिला के कस्बा भदौड़ निवासी कर्ज से परेशान किसान ने शुक्रवार को जहरीला पदार्थ निगल कर खुदकुशी कर ली। थाना भदौड़ पुलिस ने शनिवार को मृतक के पिता के बयान पर एक आढ़ती के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का केस दर्ज किया है। वहीं केस दर्ज होने पर आढ़तिया एसोसिएशन पुलिस के खिलाफ रोष जताते हुए मामला रद्द करने की मांग उठाई है।
किसान अमरिंदर सिंह (24) पुत्र जसवीर सिंह निवासी भदौड़ कर्ज न उतरने के कारण काफी परेशान चल रहा था। इस पर उसने जहरीला पदार्थ निगलकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। मृतक किसान के चाचा राजिंदर सिंह ने बताया भतीजे अमरिंदर सिंह को एक आढ़ती सौदागर सिंह निवासी गांव नैनेवाल को 17-18 लाख का कर्ज देना था। यह कर्ज उसके दादा ने लिया था। कर्ज वापस नहीं होने के कारण आढ़तिया उसे परेशान करता था, जिस कारण वह मानसिक तौर पर परेशान रहने लगा था। इसके चलते उसने अपने घर में ही पड़ा जहरीला पदार्थ निगल कर सुसाइड कर लिया। थाना भदौड़ के सहायक थानेदार बलविंदर सिंह ने बताया कि उन्होंने मृतक के पिता के बयान के आधार पर आढ़तिया पर केस दर्ज करके अगली कार्रवाई शुरू कर दी गई है। उधर आढतिया एसोसिएशन ने आढ़ती पर मामला दर्ज करने को गलत बताया है और पुलिस प्रशासन प्रति भारी रोष जताया है। आढ़ती नेता जगन नाथ कांसल ने कहा कि आढ़ती तो किसान की समय पर जरूरत पूरी करता है। आढ़ती को अपना दिया उधार वापस मांगना ही होता है। ऐसे में अगर कोई खुदकुशी कर तो उसमें आढ़ती का क्या कसूर है। आढ़ती पर दर्ज मामला रद्द होना चाहिए।