हिमांशू दानिया हत्याकांड : इंसाफ के लिए सड़कों पर उतरा बरनाला
काली झंडियों के साथ निकाला रोष मार्च, डीसी दफ्तर के गेट के साथ लगकर रोती रही हिमांशु की मां
अमर उजाला ब्यूरो
बरनाला। छह जुलाई को शराब कारोबारी हिमांशु दानिया की हत्या के 18 दिन बाद भी आरोपियों का सुराग न मिलने के रोष में बरनाला के लोग मंगलवार को सड़कों पर उतर आए। बरनाला पुलिस के खिलाफ काली झंडियां लेकर मोटरसाइकिलों पर रोष प्रदर्शन किया गया और डीसी दफ्तर का घेराव किया गया। इस रोष प्रदर्शन में मुलाजिम संगठनों से लेकर राजनीतिक, सामाजिक और धार्मिक संगठनों ने भी हिस्सा लिया। इस दौरान हिमांशु की मां डीसी दफ्तर के गेट को पकड़कर रोती रही।
संगठनों ने रोष प्रगट किया कि 18 दिन बीत जाने के बाद भी बरनाला पुलिस हिमांशु के कत्ल का सुराग नहीं लगा पाई। इसी कारण जस्टिस फॉर हिमांशु दानिया एक्शन कमेटी की अगुवाई में समूह संगठनों ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए बाइक पर काली झंडियां लगाकर रोष मार्च निकाला। समूह संगठनों ने रोष मार्च करने के बाद डीसी दफतर का घेराव किया, जहां हिमांशु की माता ने ऐलान किया कि उसका अगला कदम आईजी पटियाला के दफ्तर के सामने आमरण अनशन रखकर प्राण त्यागना होगा।
एक्शन कमेटी के सदस्य पारस बांसल और सुखविंदर भंडारी ने बताया कि जिला पुलिस ने आरोपियों को पकड़ने के लिए बड़े-बड़े दावे किए थे, लेकिन 18 दिन बाद भी आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हो पाई है। समूह संगठनों ने हिमांशु के हत्यारों की गिरफ्तारी को लेकर तहसीलदार बरनाला बलकरन सिंह माहल द्वारा मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह को ज्ञापन सौंपा गया। व्यापार महासंघ पंजाब के प्रधान ललित महाजन ने कहा कि कैप्टन सरकार सभी अधिकारियों की बदली कर इसकी जांच सीबीआई के हवाले करे। इस अवसर पर व्यापार मंडल के जिला प्रधान अनिल बंसल नाणा, भाजपा के प्रदेश नेता धीरज कुमार ददाहूर, वरुण बत्ता, कुलवंत खत्री, नरेंद्र चोपड़ा, रंजीत जंडू, गौरव गोयल, विक्की कुमार, उमेश सोहल, संजय कुमार, मनोज मित्तल, ताराचंद चोपड़ा, गुरमीत सिंह, बृजभूषण, कर्मजीत सिंह, तरसेम सिंह, बलवंत सिंह, हरेंद्र सिंह, नरेंद्र सिंह, मलकीत सिंह, मनीष कुमार, मलकीत सिंह, जसविंदर सिंह, संजीव जिंदल,, रविंदर शर्मा, नरेंद्र चोपड़ा, गुरमीत सिंह, सुरेंद्र मित्तल, ज्ञान सिंह, दिनेश बांसल, परमिंदर सिंह सहित एक्शन कमेटी के सदस्य व शहर निवासी उपस्थित थे।