महिला व उसकी बेटी को जलाकर मारने के आरोपियों की गिरफ्तारी न होने पर प्रदर्शन
पुलिस ने चार लोगों पर किया कत्ल का मामला दर्ज, सास व देवर को किया गिरफ्तार
6 जुलाई को कुराली के गांव शाहपुर में हुई थी घटना
अमर उजाला ब्यूरो
रोपड़। जिला के गांव ठौणा वासी महिला को उसके लड़की समेत आग लगा कर मारने का ससुराल परिवार पर आरोप लगाते हुए मृतका के परिवार समेत गांव वासियों के प्रदर्शन किया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने पुलिस पर आरोपियों को न गिरफ्तार करने के आरोप भी लगाए। मृतका के पिता सुखजिंदर सिंह तथा मां मनजीत कौर वासी ठोणा ने बताया कि उसकी लड़की इंद्रजीत कौर का गुरप्रीत सिंह पुत्र जसवीर सिंह निवासी शाहपुर थाना कुराली जिला मोहाली के साथ विवाह 23 सितंबर 2012 को हुआ था तथा इस विवाह से इनकी पांच साल की लड़की भी है। उन्होंने बताया कि विवाह के कुछ माह बाद ही गुरप्रीत उनकी लड़की इंद्रजीत कौर से पैसों की मांग करने लगा तथा पैसे न देने पर परेशान करने लगा। जिसके बाद उसका देवर, दवरानी, सास, ससुर भी उनकी लड़की इंद्रजीत कौर को तंग परेशान करने लगे।उन्होने कहा कि उनके द्वारा गुरप्रीत सिंह को कई बार पैसे भी दिये गये।पर इसके बावजूद भी वह इंद्रजीत कौर से मारपीट करता था। उन्होंने कहा कि इस संबंध में जब उन्होंने गुरप्रीत सिंह के रिश्तेदारों से बात की तो गुरप्रीत का नाना ने कहा था ति थोड़ा बहुत झगड़ा तो हर घर में होता है पर वह गुरप्रीत के परिवार को समझा देंगे। उन्होंने बताया कि 6 जुलाई को उनकी लड़की के ससुराल परिवार ने उनकी बेटी इंद्रजीत कौर तथा दोहती सिमरनप्रीत कौर को आग लगाकर जला दिया। जिसके बाद गुरप्रीत के परिवार ने उन्हें इंद्रजीत तथा उसकी बेटी के पीजीआई चंडीगढ़ में दाखिल होने की जानकारी दी। तथा जब वह पीजीआई पहुंचे तो ससुराल पक्ष फरार हो गया। मृतक इंद्रजीत कौर के भाई सिमरनजीत सिंह तथा लखवीर सिंह ने बताया कि हमें ससुराल परिवार ने मामला दर्ज होने के बाद बताया कि आपकी बहन ने खुद आग लगाई है। उन्होंने कहा कि इंद्रजीत कौर तथा उसकी बेटी को ससुराल परिवार द्वारा सोफे पर बांधकर आग लगाई गई है। उन्होंने कहा कि इस सबंध में कुराली पुलिस में मामला दर्ज होने के बाद भी ससुराल पक्ष के दो आरोपियों सास तथा देवर को पकड़ लिया है पर दो मुख्य आरोपियों जिसमें लड़की का पति तथा ससुर के अभी पकड़े नहीं गए हैं। उन्होंने पुलिस से मांग की है कि पति और ससुर को भी जल्द गिरफ्तार किया जाए।
दोनों आरोपियों को जेल भेज दिया
उधर थाना कुराली के एसएचओ दीपइंद्रजीत सिंह ने कहा कि इस मामले में ससुर जसबीर सिंह, सास दविंदर कौर, पति गुरप्रीत सिंह तथा देवर जगविंदर सिंह के खिलाफ आईपीसी की धारा 304ए के तहत केस दर्ज किया गया है। उन्होंने कहा कि मामले में इंद्रजीत कौर व उसकी बेटी की मौत होने के बाद मामले में आईपीसी की धारा 302, 120 बी भी शामिल कर दी गई थी। मामले में सस व देवर गिरफ्तार कर लिए गए हैं। अदालत ने दोनों आरोपियों को जेल भेज दिया है। ससुर जसबीर सिंह तथा गुरप्रीत सिंह की गिरफ्तारी के लिए छापामारी की जा रही है।