सोसाइटी के मुख्य सेवादार संत जगजीत सिंह की गाड़ी तोड़ी
अमर उजाला ब्यूरो
अबोहर। होम्योपैथिक मेडिकल कॉलेज को बैंक द्वारा सील किए जाने के बाद भाई कन्हैया सेवा सोसाइटी के मुख्य सेवादार संत जगजीत सिंह शनिवार शाम को एसडीएम आवास पर प्रशासन द्वारा बुलाई मीटिंग में शामिल होने पहुंचे तो यहां एसडीएम निवास के बाहर खड़ी उनकी गाड़ी को अज्ञात युवकों ने क्षतिग्रस्त कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंच कर जांच पड़ताल शुरू की। आशंका जाहिर की जा रही है कि कालेज बंद होने से रोषित छात्रों ने ही संत की गाड़ी में तोड़फोड़ की हो। घटना के बाद पुलिस ने होम्योपैथिक अस्पताल के बाहर धरने पर बैठे विद्यार्थियों को चेतावनी दी कि अगर उन्होंने कोई असामाजिक कार्य किया तो सख्त कार्रवाई की जाएगी।
देर शाम एसडीएम आवास पर हुई बैठक में सोसाइटी के मुख्य सेवादार संत जगजीत सिंह ने कहा कि वे बैंक से कुछ माह का समय मांग रहे हैं, ताकि इस समय के दौरान विद्यार्थियों की परीक्षाएं कराई जा सकें। उन्होंने विद्यार्थियों को भरोसा दिलाया कि प्रशासन व बैंक अधिकारियों के सहयोग से शीघ्र ही मामले का हल निकाल लिया जाएगा। इस मौके पर संत जगजीत सिंह के साथ संत सुरेंद्र सिंह, कालेज मैनेजमेंट कमेटी के सचिव भूपेंद्र सिंह, सीएफओ जसविंदर सिंह, नायब तहसीलदार बलजिंदर सिंह, एसडीएम पूनम सिंह, डीएसपी जीएस संघा, एसएचओ परमजीत कुमार के अलावा बैंक के अधिकारी मौजूद थे।
इस समाचार की फोटो एबीआर 1 भेजी जा रही है।