मार्च के बाद फिर एफसीआई में पहुंचे नकली सीबीआई अधिकारी
रिकॉर्ड जांचने पहुंची नकली सीबीआई टीम के चार सदस्यों पर केस दर्ज
गार्ड ने पुलिस को दिया गाड़ी का नंबर, पुलिस ने बिना जांच के अज्ञात लोगों पर दर्ज किया केस
अमर उजाला ब्यूरो
मोगा। थाना सिटी पुलिस ने स्थानीय भारतीय खाद्य निगम (एफसीआई) दफ्तर का रिकॉर्ड जांचने के लिए दूसरी बार पहुंचे नकली सीबीआई अधिकारियों के 4 सदस्यों पर केस दर्ज किया है।
पुलिस मुताबिक केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) की चंडीगढ़ की टीम ने तीन माह पहले 19 मार्च को भारतीय खाद्य निगम (एफसीआई) दो अधिकारियों को एक राइस मिल मालिक से 80 हजार की घूस लेने के आरोप में गिरफ्तार किया था। इस मौके एक अधिकारी ने डेढ़ लाख की रकम पखाने में फेंक दी जो सीबीआई ने निकाल ली थी। इस छापे बाद एफसीआई अधिकारी डर कारण कई दिन इधर उधर हो गए। इस दौरान 29 मार्च को नकली सीबीआई अधिकारियों की टीम रिकॉर्ड जांचने के लिए दफ्तर पहुंच गई। विभाग के कर्मी जगदीश सिंह ने उनके नकली अधिकारी होने संबंधित सिटी पुलिस को शिकायत दी लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। तीन दिन पहले 25 जून को फिर नकली सीबीआई अधिकारियों की टीम के 4 अज्ञात सदस्य दफ्तर का रिकार्ड जांचने पहुंच गए। इस बारे में थाना सिटी पुलिस को चौकीदार रणजीत सिंह गांव नंगल ने दी शिकायत में आरोप लगाया कि वह सोमवार को शाम करीब 5 बजे के एफसीआई डिपो में मेन गेट पर ड्यूटी के लिए तैनात था। इस दौरान सफेद रंग की गाड़ी रुकी, इस गाड़ी में 4 लोग सवार थे और सभी ने मुंह ढके थे। उन्होंने कहा कि वह सीबीआई अधिकारी हैं और चंडीगढ़ से आए हैं। उन्होंने एफसीआई के मेन दफ्तर की चेकिंग करनी है। चौकीदार के मुताबिक उसने पहचान पत्र दिखाने के लिए कहा तो गाली गलौज शुरू कर दी। इस पर उसने दूसरे सिक्योरिटी गार्डों को बुला लिया तो कार सवार फरार हो गए। चौकीदार ने इन नकली सीबीआई अधिकारियों की गाड़ी का नंबर नोट कर पुलिस को दिया। पुलिस चाहती तो नंबर की जांच कर मालिक का पता लगा सकती थी। लेकिन पुलिस ने अज्ञात सीबीआई अधिकारियों के खिलाफ ही केस दर्ज किया है। इससे पहले 29 मार्च को नकली सीबीआई अधिकारियों के बारे में शिकायत दी थी लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई।
फाइल फोटो कैप्शन - मोगा में भारतीय खाद्यनिगम (एफसीआई) जिला दफ़्तर की फाइल फोटो