प्रोडक्शन वारंट पर लाया गया भगोड़ा
अदालत ने आरोपी को न्यायिक हिरासत में 14 दिनों के लिए जेल भेजा
अमर उजाला ब्यूरो
बरनाला।
वर्ष 2016 के दौरान बरनाला अदालत से फरार हुए शराब तस्करी के आरोपी सुखदेव सिंह सुक्खा को फरीदकोट जेल से प्रोडक्शन वारंट पर यहां लाया गया है। उसे जिला पुलिस के पीओ स्टाफ ने जुडीशियल मैजिस्ट्रेट फर्स्ट क्लास (जेएमआईसी) वरुणदीप चोपड़ा की अदालत में पेश किया। अदालत ने आरोपी को 14 दिनों के लिए न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।
अदालत लेकर पहुंचे पीओ स्टाफ प्रभारी एएसआई कुलदीप सिंह ने बताया कि सुखदेव सिंह सुक्खा पुत्र जोगिंदर सिंह निवासी संघेड़ा चौक बरनाला हाल निवास मोगा तथा उसके तीन अन्य साथियों रमनदीप सिंह पुत्र रजिंदर सिंह, रतन सिंह उर्फ बंटी पुत्र लखमीर सिंह व हरप्रीत सिंह हरीया पुत्र बलवंत सिंह चारों के खिलाफ 09 मई 2013 को सिटी थाना बरनाला की पुलिस ने शराब तस्करी के आरोप में मामला दर्ज किया था। आरोपियों से फरार हुए सुखदेव सिंह सुक्खा को जेएमआईसी वरुणदीप चोपड़ा की अदालत ने 22 दिसंबर 2016 को पीओ घोषित कर दिया था। पीओ स्टाफ प्रभारी ने बताया कि पड़ताल के दौरान सुक्खा के फरीदकोट जेल में होने की सूचना मिली। वहां सुक्खा नशीली दवाओं की तस्करी में सजा भुगत रहा था। उसे वहां से प्रोडक्शन वारंट पर बरनाला लाकर अदालत में पेश किया गया। अदालत ने 14 दिन की न्यायिक हिरासत में सुक्खा को जेल भेज दिया।