पत्नी से तंग पति ने की खुदकुशी
नहर से शव बरामद, पत्नी, बेटी सहित चार के खिलाफ मामला दर्ज
अमर उजाला ब्यूरो
मोगा।
जिले के गांव माहला कलां निवासी कर्मजीत सिंह ने पत्नी व ससुरालियों से तंग आकर नहर में कूदकर खुदकुशी कर ली। कर्मचारी का शव राजस्थान जाने वाली नहर लोहगढ़ हेड नजदीक डब्बवाली से मिला। पुलिस ने मृतक की पत्नी, बेटी समेत चार लोगों खिलाफ मामला दर्ज कर जांच आरंभ कर दी है।
पुलिस को दिए शिकायत पत्र में सेवा सिंह ने कहा कि उसके बेटे कर्मजीत सिंह की शादी 8 फरवरी 1999 को प्रीतम कौर पुत्री अमर सिंह निवासी चक्क सिंघेवालासैनिया (फाजिल्का) के साथ हुई थीं, जिसके एक बेटी भी हैं। पत्नी व परिवार के अन्य सदस्य बेटे कर्मजीत सिंह से झगड़ा करती रहती थीं। उसने अदालत में दान दहेज के मामले को लेकर केस भी दायर किया था, जिसमें हम बरी हो गए थे। हम इसके बावजूद भी पंचायत के माध्यम से राजीनामा के लिए उनके पास जाते रहते थे। इसके बावजूद भी मेरी पुुत्रवधू ने तलाक का केस फिरोजपुर की अदालत में दायर किया था। गत 15 जनवरी 2018 को मेरी पुत्रवधू प्रीतम कौर तथा पौत्री सुखदीप कौर हमें बिना बताए मायके चली गई और वुमन सेल फाजिल्का में मेरे बेटे के खिलाफ झूठी शिकायत दर्ज करा दी। इससे कर्मजीत मानसिक तौर पर परेशान रहने लगा। गत 20 फरवरी को कर्मजीत सिंह घर से चला गया। हमने उसकी बहुत तलाश की। आखिर हमें उसका शव राजस्थान वाली नहर लोहगढ़ हैड नजदीक चौटाला चौंकी थाना सदर डब्बवाली के पास मिला।
कर्मजीत सिंह का शव नहर से मिलने पर थाना सदर डब्बवाली (राजस्थान) के अंतर्गत पड़ती पुलिस चौकी चौटाला ने मृतक के भाई परमजीत सिंह के बयानों पर 174 की कार्रवाई और इस संबंध में अग्रिम कार्रवाई हेतु बाघापुराना पुलिस को जानकारी दी गई। इस मामले की जांच कर रहे नत्थूवाला गरबी पुलिस चौकी के प्रभारी सहायक थानेदार सुखदेव सिंह ने बताया कि मृतक के पिता सेवा सिंह की शिकायत पर पत्नी, बेटी, साले, सास निवासी सिंघेवालासैनिया (फाजिल्का) के खिलाफ थाना बाघापुराना में खुदकुशी के लिए मजबूर करने तथा धमकियां देने के आरोपों तहत मामला दर्ज किया गया है।