लोगों पर सर्विस रिवॉल्वर तानी, ट्रैफिक इंचार्ज लाइन हाजिर
अमर उजाला ब्यूरो
खन्ना।
पुलिस जिला खन्ना के ट्रैफिक इंचार्ज हरविंदर सिंह को स्थानीय लोगों पर सर्विस रिवॉल्वर तानने और वर्दी में उनके साथ बदसलूकी करने पर लाइन हाजिर किया गया है।
सिटी थाना के एसएचओ रजनीश सूद ने बताया कि शुक्रवार रात हरविंदर सिंह वर्दी में अपनी गाड़ी से घर जा रहा था। जैसे ही वह अपने घर के पास पहुंचा तो वहां शादी का समारोह चल रहा था। समारोह के बाहर उसकी गाड़ी किसी व्यक्ति से टकरा गई। इस वजह से वहां मौजूद लोगों से उसकी बहस हो गई। बात हाथापाई तक पहुंच गई। इसके चलते हरविंदर सिंह ने उनपर अपनी सर्विस रिवाल्वर तान दी। लोगों ने उसकी रिवॉल्वर छीन ली और पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी।
घटना का पता चलते ही डीएसपी (खन्ना) जगविंदर सिंह चीमा और सिटी थाना के एसएचओ रजनीश सूद मौके पर पहुंचे। उन्होंने कहा कि किसी तरह की धक्केशाही नहीं होने दी जाएगी। इसके बाद डीएसपी इंचार्ज हरविंदर सिंह को अपने साथ थाने ले गए और उसका मेडिकल करवाया। मौजूद लोगों का आरोप है कि हरविंदर सिंह ने बहुत ज्यादा शराब पी हुई थी। लोगों ने उससे छीनी रिवॉल्वर पुलिस को दे दी है।
उधर, ट्रैफिक इंचार्ज का कहना है कि रिवाल्वर तानने या वर्दी में बदसलूकी करने जैसी कोई बात नहीं हुई थी। उनकी गाड़ी मेरी गाड़ी उनके किसी व्यक्ति के लग गई थी। उन्होंने गाड़ी रोककर माफी मांगी लेकिन लोग मारपीट करने लगे। वहीं लोगों का कहना है कि इन दोनों परिवारों में पुरानी रंजिश है। इस वजह से कुछ समय पहले उनका झगड़ा सिटी थाने पहुंच गया था।