हिमाचल से दिल्ली ले जाई जा रही चरस पकड़ी, दो गिरफ्तार
एनसीबी टीम ने तस्करों से बरामद की 9.7 किलो चरस
एसी के कंपाउंड में छिपा रखी थी खेप
दोनों आरोपी हिमाचल के भुंतर के रहने वाले
अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़।
नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी) ने इनोवा कार के एसी कंपाउंड में छिपा कर ले जाई जा रही चरस की खेप को पकड़ा है। एनसीबी टीम ने सूचना के आधार पर कुराली के टोल पर ट्रैप लगा कर 9.720 किलो चरस बरामद की है। एनसीबी ने नशे की खेप के साथ हिमाचल के भुंतर निवासी कार चालक तुले राम और भूपिंदर सिंह को गिरफ्तार किया है। दोनों नशे की यह खेप कार के एसी कंपाउंड में छिपाकर दिल्ली सप्लाई के लिए ले जा रहे थे।
एनसीबी को चरस सप्लाई करने वाले और उसकी कार के बारे में सूचना मिली थी। इसके बाद टीम ने कार को कुराली टोल पर रोक कर उसे चला रहे आरोपी की पहचान कर ली। टीम ने पूरी कार की तलाशी ली, लेकिन उन्हें नशे की खेप बरामद नहीं हुई। इसके बाद जब उसका एसी ऑन किया गया तो टीम को कार में से चरस की महक आई। इसके बाद टीम ने कार के डैशबोर्ड में लगे एसी के कंपाउंड की जांच की तो पता चला कि आरोपियों ने एसी कपाउंड में बदलाव कर वहां चरस छिपाने की जगह बना रखी है। बाद में कार के एसी कंपाउंड से चरस की 20 थैलियां बरामद हुईं। इनमें से कुल 9.720 किलो चरस थी।
बाक्स
हाई और नार्मल क्वालिटी की है चरस
एनसीबी टीम के अनुसार आरोपियों के पास से बरामद हुई चरस में हाई और नार्मल क्वालिटी की चरस बरामद हुई है। बरामद कुल खेप में से तीन किलो चरस हाई क्वालिटी की है। इसे मलाना चरस कहा जाता है। वहीं बाकी चरस नार्मल क्वालिटी की है।