रेस्तरां मालिक से सेक्टर-11 में लूट की कोशिश
संदीप चौहान ने दी पुलिस को शिकायत, 30 अक्तूबर को रेस्तरां में हुई थी चोरी
अमर उजाला ब्यूरो
पंचकूला।
सेक्टर-5 स्थित रेस्तरां फाइव डिग्री के मालिक पर सेक्टर-11 में वीरवार देर रात हमला कर चार युवकों ने लूट की कोशिश की। शोर मचने पर आसपास के लोगों को इकट्ठा होते देख आरोपी फरार हो गए। इसकी शिकायत सेक्टर-5 थाना पुलिस को दे दी गई है। पीड़ित संदीप चौहान ने पुलिस पर आरोप लगाया है कि 30 अक्तूबर को उनके रेस्तरां में हुई चोरी हुई थी, जिसकी शिकायत और वीडियो फुटेज उन्होंने मुहैया करवाई, लेकिन पुलिस के कुछ भी हाथ नहीं लगा।
संदीप चौहान वीरवार देर रात सेक्टर-पांच में रेस्तरां बंद करने के बाद सेक्टर-11 स्थित अपने घर के लिए रवाना हुए। घर के पास पहुंचने से पहले रास्ते में डॉयवर्जन होने की वजह से दूसरी गलियों के रास्ते पहुंचकर जैसे ही घर के बाहर गाड़ी को पार्क किया। इसी दौरान पहले से वहां घूम रहे चार संदिग्ध युवक उनकी कार के बाहर पहुंच गए। वहां पहुंचते ही आरोपियों ने उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। शोर सुनकर आसपास के लोगों को इकट्ठा होते देख अपराधी मौके से फरार हो गए। आरोपियों ने संदीप से बैग छीनने की कोशिश की, लेकिन सफल नहीं हुए।
रेस्तरां कर्मचारी पर जताया शक
संदीप के पार्टनर विमल ने घटना के पीछे रेस्तरां के ही किसी पूर्व कर्मचारी का हाथ होने की आशंका जताई है। उनका कहना है कि आखिरकार आरोपियों को कैसे पता था कि रेस्तरां से कितने बजे निकलते हैं और गली के रास्ते में डॉयवर्जन होने की वजह से किस गली से संदीप अपने घर पहुंचेंगे। विमल ने बताया कि 30 अक्तूबर को भी तड़के करीब तीन बजे चेहरे पर कपड़ा बांधकर एक व्यक्ति रेस्तरां में घुस गया था। उसने गल्ला तोड़कर करीब 45 हजार रुपये नगदी भी चुरा लिए थे, जिसे गार्ड ने पकड़ने की पूरी कोशिश भी की, लेकिन आरोपी फरार हो गया था।
यह पूरी वारदात सीसीटीवी में कैद हो गई थी, जिसकी पुलिस को दी गई शिकायत के बावजूद कोई एफआईआर नहीं दर्ज की गई। संदीप और विमल ने इस मामले की शिकायत डीसीपी मनवीर सिंह को देते हुए आरोपियों का डंप डाटा खंगालने की गुहार लगाई है, ताकि आरोपियों का सुराग मिल सके। सेक्टर-पांच थाना के एसएचओ करमवीर सिंह ने बताया कि मामले में शिकायत के आधार पर जांच की जा रही है।
सेक्टर-9 में भी इसी मॉडस ऑपरेंडी पर हुई थी वारदात
एक दिन पहले बुधवार देर रात सेक्टर-9 में अंडे खाने के लिए पहुंचे एक व्यक्ति से चार आरोपियों ने गन प्वाइंट पर वेरना कार, एटीएम और मोबाइल लूट लिया था। आरोपियों ने लाइटर मांगने और ढाबे का पता पूछने के बहाने बातचीत शुरू की, फिर मारपीट कर अगवा कर डेराबस्सी में जंगल के पास फेंक दिया था। वीरवार की घटना में आरोपियों ने कुछ इसी तरह कार सवार को रोककर लूट की कोशिश की। लगातार बढ़ रही घटनाओं से एक बार फिर सुरक्षा को लेकर सवाल उठने लगे हैं।