फैक्टरी के गोदाम से लाखों का सामान चोरी
चंडीगढ़। हल्लोमाजरा में चोरों ने फैक्टरी के गोदाम से 25 कैन फारमिक एसिड, 5 बैग कास्टिक सोडा और 15 बैग सोडा पर हाथ साफ कर दिया। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में अशोक भूमिया ने बताया कि वह हल्लोमाजरा के दीप कांप्लेक्स नंबर 1594 में रहते हैं। उनकी हल्लोमाजरा में फैक्टरी है। रोज की तरह वह फैक्टरी बंद कर घर चले गए। इसके बाद सूचना मिली कि फैक्टरी के गोदाम का ताला टूटा हुआ है। किसी ने 25 कैन फारमिक एसिड (35 किलो का कैन), 5 बैग कास्टिक सोडा (50 किलो का बैग) और 15 बैग (50 किलो का बैग) सोडा पर हाथ साफ कर दिया। शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर आसपास के एरिया में लगे सीसीटीवी फुटेज को खंगालना शुरू कर दिया, ताकि आरोपियों की पहचान हो सके।