मोहाली। एक व्यक्ति से फ्लैट खरीदने के नाम पर 63 लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। पुलिस ने यादविंदर सिंह की शिकायत पर फ्लैट बनाने वाली कंपनी के डायरेक्टर समेत चार लोगों पर सोहाना थाने में केस दर्ज किया है। आरोपियों में कंपनी के डायरेक्टर अनुपम, जय भारत अग्रवाल, मनजीत सिंह, अमीर हुसैन शामिल है। आरोपियों पर खिलाफ आईपीसी की धारा 406, 420 व 120बी के तहत केस दर्ज किया है। पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है। जानकारी मुताबिक पुलिस को दी शिकायत में यादविन्द्र सिंह ने बताया कि वह गुरदासपुर के रहने वाले है। उन्होंने वर्ष 2011 में उक्त कंपनी से फ्लैट लेने के लिए अप्लाई किया था। उस फ्लैट की कीमत मुताबिक उसने अलग-अलग किश्तों में 63 लाख रुपये कंपनी को दे दिया। कंपनी ने उसे वर्ष 2014 में फ्लैट का कब्जा देने की बात कही थी, लेकिन कंपनी उसे सही समय पर फ्लैट देने में नाकाम रही, जिस कारण परेशान होकर उसने एसएसपी. मोहाली को लिखित शिकायत दे दी थी। पुलिस ने केस दर्ज कर अपनी जांच शुरू कर दी है।