बरवाला। कस्बे में बाइक सवार दो युवक एक व्यक्ति से 1.41 लाख रुपये लूटकर फरार हो गए। बरवालावासी राजीव ने बताया कि उसने वीरवार को कुछ रुपये यूनियन बैंक के एटीएम से निकाले और कुछ रुपये वह घर से लाया था। ये रुपये वह अनाज मंडी में आढ़ती के पास लेकर जा रहा था। वह 1.41 लाख रुपये की राशि को बनियान में छिपाकर अपनी बाइक पर बरवाला सब स्टेशन के नजदीक मौली मार्ग से गुजर रहा था, तभी अचानक दो युवकों ने उसकी बाइक के आगे अपनी पल्सर बाइक अड़ा दी।
उससे मारपीट कर 1.41 लाख रुपये लूटकर फरार हो गए। उसने और आसपास के लोगों ने इस घटना की सूचना तुरंत बरवाला पुलिस चौकी को दी। सूचना मिलते ही बरवाला पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर घटना का जायजा लिया। पुलिस चौकी इंचार्ज मुकेश कुमार ने बताया कि राजीव की शिकायत पर युवकों के खिलाफ मामला दर्ज कर तलाश शुरू कर दी गई है।