पंचकूला। 10.69 लाख रुपये वापस मांगने पर जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। सेक्टर-5 पुलिस ने आरोपी अनिल डामिया पर केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस को दी शिकायत में शिकायतकर्ता दीपक शर्मा ने आरोप लगाया कि उन्हें अनिल डामिया ने पैसे वापस मांगने पर जान से मारने की धमकी दी है। उन्होंने बताया कि उनकी निजी कंपनी का ऑफिस पंचकूला सेक्टर-11 में स्थित है। उनकी कंपनी तारकोल खरीद फरोख्त का काम करती है।
उनकी कंपनी के कर्मचारी बलवान सिंह को 28 जून 2020 को अनिल कुमार निवासी रामनगर, पलवल का फोन आया। उन्होंने कहा कि उनके पास तारकोल है। वह उसे बेचना चाहते हैं। अगर उन्हें तारकोल की जरूरत है तो वह उन्हें बेच देंगे। 29 जूून को फोन पर डील फाइनल होने के बाद अनिल कुमार ने माल की डिटेल, गाड़ी की डिटेल और ड्राइवर को फोन नंबर भेज दिया। उसके बाद माल गाड़ी में लोड होने की पुष्टि कर फोन के माध्यम से जानकारी दी। वहीं माल की पेमेंट भेजने के लिए मानवी इंटरप्राइज के खाते में कहा गया। इसमें 10.69 लाख रुपये डालने के लिए कहा। दीपक शर्मा की कंपनी की तरफ से दो पेमेंट की गई। इसमें एक पेमेंट 69500 रुपये की की, जो कि खाते में गई। वहीं 10 लाख की दूसरी पेमेंट की गई।
वह अनिल डामिया की कंपनी को नहीं मिली। कंपनी का पैसा नहीं मिलने के बाद दो लाख रुपये उन्होंने बिसवेंद्र कंपनी में डालने के लिए कहा। इसके बाद अनिल डामिया का फोन आया कि दस लाख की भेजी पेमेंट कंफर्म नहीं हो रही है। इसलिए इसे आईएफसी कोड बदलकर भेजो। आरोपी अनिल ने कहा कि पेमेंट कंफर्म होने के बाद ही कंपनी से गाड़ी भेजी जाएगी। इसके बाद उन्होंने व्यवस्था कर उन्हें आठ लाख रुपये नकद दिलवा दिया। पेमेंट मिलने के बाद अनिल डामिया ने वादा किया कि वह ऑनलाइन पेमेंट कंफर्म होने के बाद वह नकद पेमेंट वापस कर देगा। इसके बाद जब उसे तीन दिन बाद फोन किया गया तो उसने फोन उठाना बंद कर दिया।
पैसे देने पर आनाकानी करने पर अनिल डामिया को फोन किया गया कि उसके खिलाफ पुलिस को शिकायत दी जाएगी। इस पर उसने कंपनी के मालिक दीपक शर्मा को धमकाया कि वह पलवल आकर दिखाए उसे जान से मार देंगे। सेक्टर-7 थाना प्रभारी महाबीर सिंह ने बताया कि मामले की जांच जारी है। इसमें जो भी आरोपी है उस पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।