पंचकूला। एक पार्क में पांच साल की बच्ची अपनी तीन साल की बहन के साथ खेल रही थी। पार्क में सुनसान देख वहां से गुजर रहे बाइक सवार ने पांच साल की बच्ची का बर्गर खिलाने के बहाने अपहरण कर लिया। जबकि, वह तीन साल की बच्ची को पार्क में ही अकेले रोती छोड़ दिया। जैसे ही बच्ची सेक्टर-6 टॉपोरी पार्क के पास पहुंची तो वह जोर-जोर से रोने लगी, इससे अपहरणकर्ता घबरा गया और वह बच्ची को वहीं छोड़कर फरार हो गया।
जिसे सेक्टर-6 निवासी टॉपोरी पार्क में सैर करने आई रिटायर मेजर धर्म सिंह नरवाल की बेटी अभिता नरवाला ने देखा और वह बच्ची के पास गईं और बड़े प्यार से रोने का कारण पूछा। काफी समय तक बच्ची ने कुछ नहीं बताया। इसके बाद उन्होंने पिता, भाई, पुलिस और एनजीओ की मदद से बच्ची के घर को ढूंढ निकाला और परिजनों को सुपुर्द किया।
वारदात 12 जून शाम छह बजे की है। पांच साल की बच्ची संर्धी सेक्टर-4 हरिपुर स्थित पार्क में अपनी तीन साल की बहन के साथ खेल रही थी। अभिता नरवाला ने बताया कि सवा छह बजे के करीब उन्होंने बच्ची को टॉपोरी पार्क के पास रोते देखा। इसके बाद वह उसके पास गईं कईं और कारण पूछा। लेकिन बच्ची ने कुछ नहीं बताया। इसके बाद उन्होंने अपने पिता रिटायर मेजर धर्म सिंह और भाई को मौके पर बुला लिया। वह करीब चार घंटे तक बच्ची के परिजनों की तलाश करते रहे। इस दौरान वह सेक्टर-7 पुलिस चौकी, मौलीजागरां पुलिस चौकी और माजरी चौक भी बच्ची को लेकर गए और पुलिस ने भी मैसेज फ्लैश किया। लेकिन, परिजनों का कुछ नहीं पता चला।
बच्ची ने बताया मंदिर, स्कूल और पतला पुल
अभिता नरवाला ने बताया कि बच्ची ने अपना नाम संर्धी बताने के साथ माता अनीता और पिता रवि की जानकारी दी। बच्ची की हालात देखकर अंदाजा लगाया कि वह किसी गरीब परिवार से है। इसलिए बच्ची को लेकर वह सबसे पहले मौलीजागरां गए लेकिन वहां किसी ने नहीं पहचाना। इसके बाद वह माजरी चौक गए, जहां ऑटो चालकों से बच्ची के परिजनों के बारे में पूछा, लेकिन कामयाबी नहीं मिली। अंत में जब वह हरिपुर की तरफ बढ़े तो बच्ची ने इशारा करना शुरू कर दिया। वह इतना बता रही थी कि घर के पास एक पतला सा पुल, मंदिर और स्कूल है। जब वह पुल के पास पहुंचे तो बच्ची ने घर की तरफ कदम स्वयं बढ़ाना शुरू कर दिया। रात करीब सवा नौ बजे वह बच्ची के घर पहुंचे। जैसे ही बच्ची को परिजनों ने देखा खुशी का ठिकाना न रहा। उन्होंने बताया कि वह पुलिस स्टेशन जाने की तैयारी कर रहे थे।
आई एम जोडियन संस्था ने किया सम्मानित
आई एम जोडियन संस्था के प्रधान लव तनेजा रविवार को सराहनीय कार्य करने वाले रिटायर मेजर धर्म सिंह नरवाल के घर पहुंचे। उन्होंने अभिता नरवाला समेत परिवार के सदस्यों को स्मृति चिन्ह देकर पुरस्कृत किया। इतना ही नहीं लव तनेजा ने बताया कि उनकी संस्था हमेशा सेवार्थ तैयार है। यदि उन्हें किसी भी तरह की जरूरत हो तो वह फोन करके सूचित कर सकते हैं। तनेजा ने बताया कि ट्राइसिटी में उनकी संस्था के सौ से अधिक सदस्य दूसरों की मदद के लिए तैनात हैं। जोकि ट्रैफिक व्यवस्था संभालना, महिलाओं की सुरक्षा करना, सड़क हादसे में घायलों को अस्पताल पहुंचाने का कार्य कर रहे हैं।