पंचकूला। मोरनी रोड स्थित मरीना-बे क्लब में शुक्रवार दोपहर को मुख्यमंत्री उड़नदस्ता ने छापा मारकर 200 अंग्रेजी, विदेशी और बीयर की बोतलें बरामद की हैं। टीम ने क्लब के तहखाने से यह शराब बरामद की है। कार्रवाई के दौरान एक्साइज विभाग के इंस्पेक्टर और चंडीमंदिर थाने के पुलिस कर्मचारी भी मौके पर मौजूद रहे।
पुलिस ने शराब को कब्जे में लेकर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि इसमें अंग्रेजी और विदेशी ब्रांड की लाखों रुपये कीमत की शराब थी। क्लब में बिना एक्साइज विभाग की अनुमति लिए ग्राहकों को शराब सर्व किया जाता था। इसकी सूचना मिलने के बाद मुख्यमंत्री उड़नदस्ता ने छापा मारा था।
शुक्रवार दोपहर करीब दो बजे मुख्यमंत्री उड़नदस्ता ने गुप्त सूचना के आधार पर मरीना-बे क्लब में छापा मारा। वहां एक तहखाने में लाखों रुपये की शराब बरामद की। दस्ते का नेतृत्व कर रहे एसआई सुरेंद्र कुमार ने बताया कि उन्हें सूचना मिली थी कि मरीना-बे क्लब में भारी मात्रा में बिना परमिशन की शराब का स्टॉक रखा हुआ है। जब वहां पर छापा मारा गया तो भारी मात्रा में शराब बरामद हुई। उन्होंने बताया कि क्लब के पास शराब पिलाने का लाइसेंस नहीं था।
पुलिस के अनुसार अंग्रेजी, विदेशी शराब समेत बीयर की करीब 200 बोतलें बरामद हुई हैं। इस मामले में आगामी जांच थाना चंडीमंदिर पुलिस करेगी। उन्होंने बताया कि क्लब के चार मालिक हैं, लेकिन मौके पर कोई भी नहीं पहुंचा। कुछ दिन पहले इसी क्लब में वकीलोें के साथ झगड़ा भी हुआ था। इसमें तीन आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है।