पंचकूला। दो लाख का लोन पास कराने के नाम पर व्यक्ति से साइबर ठगों ने 75 हजार रुपये की ठगी कर ली है। चंडीमंदिर पुलिस मामले की जांच कर रही है। जानकारी के मुताबिक राकेश कुमार निवासी बीड घग्गर ने बताया कि उन्हें दो लाख रुपये के लोन की जरूरत थी। इसके लिए उन्होंने 17 फरवरी 2021 को ऑनलाइन बजाज फाइनेंस में अप्लाई किया था।
उन्होंने आरोप लगाया कि 18 फरवरी 2021 को संजीव कुमार नाम के साइबर ठग ने मोबाइल से फोन कर लोन लेने की पूरी डिटेल बताई। इसके बाद फाइल चार्ज के नाम पर 5500 रुपये मांगे। 22 फरवरी को उन्होंने पेटीएम के माध्यम से रुपये दे दिए। फिर साइबर ठग ने कहा कि आरबीआई ने लोन देने पर एतराज किया है। इसलिए 17600 रुपये आप दोबारा अकाउंट पर भेजिए। इसके बाद राकेश कुमार ने यह पैसे भी भेज दिए गए। साइबर ठगों ने झांसे में लेकर इसी तरह 75558 रुपये उनसे ले लिए।
इसके बाद वह बजाज फाइनेंस के आफिस गए तो उन्हें पता चला कि साइबर ठगों ने उनसे ठगी की है। इसके बाद उन्होंने साइबर सेल मनसा देवी थाने जाकर मामले की शिकायत दी। शिकायत दर्ज करने के बाद चंडीमंदिर थाना जांच के लिए भेजी है। चंडीमंदिर थाना प्रभारी अरविंद कंबोज ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।