पंचकूला। बिजली और पानी की समस्या को लेकर वार्ड 5 से पार्षद जय कौशिक, वार्ड 4 की पार्षद सोनिया सूद और भारतीय जनता पार्टी के जिला उपाध्यक्ष उमेश सूद ने हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष ज्ञानचंद गुप्ता से शनिवार को मुलाकात की। उन्होंने विधानसभा अध्यक्ष को बताया कि बिजली निगम द्वारा सुबह और शाम को पानी की सप्लाई के समय बिजली कट लगा दिया जाता है। इस कारण बिजली और पानी दोनों ही लोगों को नहीं मिल पा रहा है।
दोनों भाजपा नेताओं ने विधानसभा अध्यक्ष को ज्ञापन भी सौंपा। विधानसभा अध्यक्ष ने तुरंत बिजली मंत्री रणजीत सिंह, बिजली निगम के चीफ इंजीनियर और हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण के मुख्य प्रशासक से फोन पर बात कर इस समस्या का तुरंत प्रभाव से हल करने को कहा। उमेश सूद ने बताया कि कई दिनों से लगातार यह समस्या आ रही है। सुबह लोगों के घरों में बिजली नहीं रहती है, तो पानी भी नहीं आता है। इस कारण लोगों के जरूरी काम भी नहीं हो पाते हैं। ऑफिस जाने में भी लोगों को परेशानी होती है। विधानसभा अध्यक्ष ने एचएसवीपी के मुख्य प्रशासक से कहा कि पानी की सप्लाई सुबह और शाम नियमित दी जाए। इसके लिए अलग से बिजली के फीडर से पानी के ट्यूबवेलों को जोड़कर सप्लाई जारी रहनी चाहिए।
जय कौशिक और उमेश सूद ने विधानसभा अध्यक्ष से मांग की है कि बिजली निगम और जन स्वास्थ्य विभाग एचएसवीपी के अधिकारियों की एक संयुक्त बैठक तुरंत बुलाकर इस संबंध में निर्देश दें। इस पर विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि जल्दी मीटिंग बुलाकर समस्या का समाधान करवा दिया जाएगा।