पंचकूला। केंद्रीय राज्यमंत्री रतन लाल कटारिया ने कोरोना पीड़ितों के इलाज के लिए सांसद निधि कोष से एक करोड़ रुपये और एक माह का वेतन देने का एलान किया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी फ्रंट पर आकर कोरोना के विरुद्ध निर्णायक लड़ाई लड़ रहे हैं। भारत ने डब्लूएचओ से भी पहले 30 जनवरी को सारे राष्ट्र को कोरोना के बारे में सचेत कर दिया था।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री द्वारा कोरोना को लेकर घोषित किया आर्थिक पैकेज करोड़ों गरीबों-मजदूरों के लिए सहायक होगा। यह पैकेज हमारी तत्काल जरूरतों को पूरा करेगा। भारत सरकार अधिक से अधिक अस्पताल की सुविधाएं प्रदान कराने व कोरोना को कम्युनिटी में फैलने से रोकने तथा सोशल डिस्टेंसिंग को सफल बनाने के लिए काम कर रही है। केंद्र व राज्य सरकार भरपूर मात्रा में बिस्तर, वेंटिलेटर व आईसीयू सुविधा की व्यवस्थाएं कर रही है। हम भारत की जनता के सहयोग व मोदी के कुशल नेतृत्व से कोरोना को हराएंगे।