पंचकूला। जिले में संक्रमण का ग्राफ गिरता जा रहा है। इसके बावजूद रविवार को कोरोना से एक की मौत हो गई जबकि आठ लोग संक्रमित मिले हैं। अभी तक जिले में संक्रमण से 363 लोगों की मौतें हो चुकी हैं। इसके अलावा संक्रमण का रिकवरी रेट 98.30 फीसदी जबकि सक्रिय मामले 154 बचे हैं। कोरोना से कालका निवासी एक 44 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई।
पंचकूला सिविल अस्पताल की सीएमओ डॉ. जसजीत कौर ने बताया कि जिले में कोरोना के आठ मामले ही सामने आए हैं। इसमें से सात मामले पंचकूला के हैं, जिन मरीजों में कोरोना संक्रमण पाया गया है उनको आइसोलेट किया गया है। सीएमओ ने बताया कि हरीपुर में एक, इंदिरा कॉलोनी में एक, कालका में दो, एमडीसी-4 में एक, सेक्टर-12 में दो संक्रमित सामने आए हैं। सीएमओ ने बताया कि जिले में अब तक 350595 लोगों की सैंपलिंग की जा चुकी है। इसमें से 40100 संक्रमित मिले हैं। इसमें से पंचकूला के 30459 संक्रमित हैं। अब तक कोरोना से 29942 संक्रमित ठीक हो चुके हैं।