पंचकूला। जिले में बुधवार को एक कोरोना संक्रमण का मामला सामने आया है। इसके अलावा एक मरीज भी ठीक हुआ है। जिले में कोरोना संक्रमण के कुल सात नए मरीज हैं। इनमें से छह लोग अपने घरों में ही आइसोलेट हैं जबकि एक का अस्पताल में उपचार चल रहा है। स्वास्थ्य विभाग द्वारा लगातार टीकाकरण अभियान चलाया जा रहा है। अब तक जिले में कुल 58102 कोरोना संक्रमित मिल चुके हैं। इनमें से पंचकूला के 44127 और बाकी अन्य जिलों के हैं।
जिले में अब तक 414 संक्रमितों की मौत कोरोना से हो चुकी है। बुुधवार को स्वास्थ्य विभाग ने 527 सैंपल जांच के लिए लैब भेजे हैं, जिनकी रिपोर्ट वीरवार को आएगी। डिप्टी सिविल सर्जन डॉ. राजीव नरवाल ने बताया कि अब तक स्वास्थ्य विभाग द्वारा कुल 608357 लोगों के सैंपलों की जांच की जा चुकी है। टीकाकरण अभियान के तहत 12 से 14 साल के 1071 लोगों को टीका लगवाया गया है। अब तक पंचकूला में कुल 484675 लोगों ने टीका लगवाया है।