पंचकूला। जिले में मंगलवार को कोरोना के आठ नए मामले सामने आए हैं। पंचकूला सेक्टर-6 सिविल अस्पताल की सीएमओ मुक्ता कुमार ने इसकी पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि इंदिरा कॉलोनी से 13 वर्षीय बच्चे, 14 वर्षीय बच्ची, 53 वर्षीय व्यक्ति संक्रमित मिले हैं। चंडीमंदिर से 26 वर्षीय महिला, सेक्टर-18 से 20 वर्षीय महिला, सेक्टर-20 से 45 वर्षीय महिला, सेक्टर-20 से 13 वर्षीय बच्चा, सेक्टर-21 से 57 वर्षीय महिला कोरोना संक्रमित मिली हैं। सभी मरीजों को क्वारंटीन किया गया है। डॉक्टरों की टीम उनकी देखरेख कर रही है। उन्होंने बताया कि पंचकूला में 1417 सैंपल लिए गए थे, जिसमें आठ लोग संक्रमित मिले हैं।
अब पंचकूला में 42 सक्रिय मामले हैं। इसके अलावा जिले में अब तक कुल 40625 केस सामने आए हैं। इसमें पंचकूला के 30913 केस हैं। पंचकूला में अब तक कोरोना से 381 लोगों की मौत हो चुकी है। पंचकूला स्वास्थ्य विभाग की तरफ से अब तक कुल 499846 लोगों के सैंपल लिए गए हैं। पंचकूला सीएमओ मुक्ता कुमार ने लोगों से अपील कर कहा है कि लोग बिना मास्क घरों के बाहर नहीं जाएं। सामाजिक दूरी मेंटेन करें, जिससे कि कोरोना से बचाव हो सके। उन्होंने बताया कि लोगों को कोरोना से बचाव के लिए वैक्सीन लगवानी चाहिए।
पंचकूला के लोगों से सीएमओ ने अपील कर कहा कि अगर खांसी, जुकाम हो तो वह तुरंत अस्पताल में अपना कोरोना टेस्ट करवा सकते हैं। पंचकूला में विदेश से आए 1577 यात्रियों में से 1539 के सैंपल लिए जा चुके हैं। वहीं विदेश से आए 17 मरीजों के सैंपल जांच के लिए भेजे गए हैं। सीएमओ ने बताया कि एयरपोर्ट से रिकार्ड के अनुसार लोगों को ट्रेस किया जा रहा है। स्वास्थ्य विभाग की ओर से सभी को कोरोना से बचाव के लिए जागरूक किया जा रहा है।