पंचकूला। नगर निगम के सेक्टर-3 स्थित नए मुख्यालय भवन के निर्माण की राह अब साफ हो गई है। 1.2 एकड़ में बन रहे पांच मंजिला अत्याधुनिक भवन के शेष 17 करोड़ रुपये से अधिक लागत वाले कार्यों के लिए टेंडर प्रक्रिया तेज कर दी गई है। अधिक कंपनियों की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए टेंडर खोलने की तारीख एक सप्ताह आगे बढ़ाई गई है। 22 सितंबर को खोले गए पहले टेंडर में एक प्रतिष्ठित कंपनी ने रुचि दिखाई है।
दिसंबर 2019 में 29.49 करोड़ रुपये की लागत से शुरू हुए इस प्रोजेक्ट का काम पुराने ठेकेदार से जुड़े कानूनी विवाद के कारण रुक गया था। हाईकोर्ट के निर्देश और मुख्यमंत्री की मंजूरी के बाद अब निर्माण का रास्ता खुला है।
भवन का करीब 35 प्रतिशत आरसीसी स्ट्रक्चर, पिलर, बीम, स्लैब और चिनाई का काम पूरा है। इलेक्ट्रिकल, प्लंबिंग और सेंट्रलाइज्ड एसी की डक्टिंग भी की जा चुकी है। निगम आयुक्त विनय कुमार के अनुसार टेंडर अलॉट होते ही काम तेजी से शुरू होगा और करीब आठ महीने में कार्यालयों की शिफ्टिंग शुरू करने का लक्ष्य है।
कोट
नगर निगम के नए भवन का निर्माण अब पूरी तरह से विवाद मुक्त है। तकनीकी टीम लगातार भवन का मुआयना कर रही है और स्ट्रक्चर पूरी तरह से सुरक्षित है। मुख्यमंत्री की मंजूरी के बाद दोबारा टेंडर खोला गया है। यह अनुभवी कंपनियों के लिए एक बेहतरीन प्रोजेक्ट है। हमें उम्मीद है कि कंपनी को काम अलॉट होने के बाद 8 महीने में चरणबद्ध तरीके से ऑफिस शिफ्टिंग हो जाएगी।
विनय कुमार, आयुक्त, नगर निगम पंचकूला