फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

किसान आंदोलन के समर्थन में खुलकर आई कांग्रेस, कहा- हमारी सरकार बनी तो रद्द होंगे कृषि कानून

Sat, 28 Nov 2020 12:52 PM IST
पंचकुला ब्‍यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, चंडीगढ़
विज्ञापन
भूपेंद्र सिंह हुड्डा, रणदीप सिंह सुरजेवाला, कुमारी सैलजा। - फोटो : फाइल फोटो
विज्ञापन

नए कृषि कानूनों के खिलाफ आंदोलनरत किसानों के साथ कांग्रेस खुलकर खड़ी हो गई है। दिल्ली कूच के दौरान जीटी रोड पर कांग्रेस विधायकों व शीर्ष नेताओं ने किसानों को अपना पूरा समर्थन देते हुए तन-मन-धन से साथ निभाने का वादा किया।

विज्ञापन


नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने सोनीपत के विधायक सुरेंद्र पंवार के जरिए किसान नेता व भाकियू अध्यक्ष गुरनाम चढूनी व किसानों को अपना संदेश भेजा। हुड्डा ने फिर तीन कृषि कानूनों के बारे में बड़ा एलान किया है। उन्होंने कहा कि हरियाणा में कांग्रेस सरकार बनते ही तीनों कृषि कानूनों को खारिज किया जाएगा। एमएसपी (न्यूनतम समर्थन मूल्य)  की गारंटी देंगे और किसानों की मांगें पूरी तरह जायज हैं। हम मांगों का समर्थन करते हैं।

कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष कुमारी सैलजा पानीपत में विधायक शमशेर गोगी व पूर्व मंत्री बिजेंद्र सिंह कादियान के साथ किसानों के दिल्ली कूच में शामिल हुईं। कांग्रेस महासचिव रणदीप सुरजेवाला भी पानीपत में चढूनी से मिले और आंदोलन को अपना समर्थन दिया।

विज्ञापन
विज्ञापन

सदन से सड़क तक लड़ रहे किसानों की लड़ाई : सैलजा

हरियाणा कांग्रेस अध्यक्ष कुमारी सैलजा ने कहा कि कांग्रेस सड़क से लेकर सदन तक किसानों के हकों की लड़ाई लड़ रही है। पूर्व अध्यक्ष व सांसद राहुल गांधी कह चुके हैं कि कांग्रेस की सरकार बनने पर कृषि विरोधी तीनों कानूनों को वापस लिया जाएगा।
 
नए कानून कृषि क्षेत्र को पूरी तरह से नष्ट कर देंगे। भाजपा पूंजीपतियों को फायदा पहुंचाने वाली सूट-बूट की सरकार है। भाजपा सरकार ने कभी किसानों के हित की बात नहीं की। यह सरकार किसान व मजदूर के दु:ख को नहीं समझ रही। किसानों को न्यूनतम समर्थन मूल्य मिलना चाहिए। कांग्रेस का समर्थन पहले दिन से ही किसान, मजदूर और आढ़तियों के साथ है। सरकार कानून बनाने से पहले किसानों से बात करती।

किसान कोई अपराधी नहीं, न ही सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाया : बंसल
हरियाणा कांग्रेस प्रभारी विवेक बंसल ने कहा है कि जब किसान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को अपनी पीड़ा से अवगत कराने के लिए दिल्ली जा रहे हैं तो उनके साथ हरियाणा सरकार बर्बरतापूर्ण कार्रवाई कर रही है। किसान कोई अपराधी नहीं हैं और न उन्होंने किसी सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाया है। बावजूद इसके सरकार ने उन पर बर्बर लाठीचार्ज करवाया और कंपकंपाती ठंड के मौसम में उन पर पानी की बौछार व आंसू गैस छोड़ी गई।

उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार का यह कृत्य अमानवीय है। किसानों के साथ इस प्रकार की कार्रवाई सरकार की तानाशाही का सबूत है। क्या प्रधानमंत्री के पास इतना भी वक्त नहीं है कि अन्नदाता किसानों के मन की पीड़ा को सुन सकें।

कांग्रेस सरकार बनने पर निरस्त करेंगे नए कानून : सुरजेवाला
कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव रणदीप सिंह सुरजेवाला ने कहा कि कांग्रेस तीनों किसान विरोधी कृषि कानूनों को खत्म करने के लिए वचनबद्ध है। कांग्रेस की सरकार बनने पर इन कानूनों को निरस्त कर दिया जाएगा।
 
किसानों को हमारा खुला समर्थन था, है और रहेगा। कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी और सांसद राहुल गांधी ने स्पष्ट कहा है कि जिस दिन कांग्रेस की सरकार होगी, इन तीन कानूनों को निरस्त कर देंगे। भाजपा सरकार को किसानों की आवाज को जबरन नहीं कुचलने देंगे, उनके लोकतांत्रिक हकों की रक्षा करेंगे।
 
इन कानूनों का विरोध करने के कारण संसद में उनके सांसदों को निलंबित तक होना पड़ा। सुरजेवाला ने कहा कि सरकार किसानों को तीन दिसंबर को क्यों बुला रही है। सरकार आज किसानों को न्यूनतम समर्थन मूल्य की गारंटी दे, पीएम नरेंद्र मोदी की हम सबसे पहले तारीफ करेंगे। अगर किसान ने रोटी पैदा करनी बंद कर दी तो दिल्ली का दरबार एक मिनट चल नहीं पाएगा।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें