चंडीगढ़। हरियाणा के मुख्य सचिव संजीव कौशल ने सभी सहकारी चीनी मिलों को आदेश दिए हैं कि किसानों के बकाया 314 करोड़ रुपये का भुगतान 5 जुलाई तक हर हाल में करें। साथ ही निजी मिलें भी बकाया राशि का भुगतान जल्द करेंगी।
मुख्य सचिव बुधवार को यहां चीनी मिलों की बकाया राशि के भुगतान के संबंध में समीक्षा बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। संजीव कौशल ने निर्देश दिए कि मिलों की ओर से बकाया राशि का भुगतान निश्चित समयावधि में हो जाना चाहिए। मुख्य सचिव ने मिलों के रख-रखाव और उनकी कार्यप्रणाली की भी बिंदुवार समीक्षा की। बैठक में बताया गया कि नारायणगढ़ चीनी मिल लिमिटेड द्वारा 2021-22 सीजन के लिए किसानों को 172.69 करोड़ रुपये का भुगतान किया जा चुका है। शेष 59.15 करोड़ रुपये का भुगतान भी जल्द किया जाएगा। बैठक में यह भी बताया गया कि 2021-22 सीजन के लिए मई 2022 तक सहकारी चीनी मिलों को 78.92 करोड़ रुपये की सब्सिडी दी गई है। इसके अलावा, निजी मिलों को लगभग 57 करोड़ रुपये की सब्सिडी दी गई, जिसमें सरस्वती चीनी मिल, यमुनानगर को 29.28 करोड़ रुपये, पिकाडली एग्रो इंडस्ट्रीज लिमिटेड, भादसों को 12.84 करोड़ रुपये, नारायाणगढ़ चीनी मिल को 8.60 करोड़ रुपये और असंध मिल को 6.39 करोड़ रुपये दिया जाना शामिल है। बैठक में वित्त विभाग के एसीएस टीवीएसन प्रसाद, कृषि विभाग की एसीएस डॉ. सुमिता मिश्रा, कृषि विभाग के महानिदेशक हरदीप सिंह, अंबाला के उपायुक्त विक्रम, हरको बैंक के प्रबंध निदेशक राहुल उप्पल आदि उपस्थित रहे।