पंचकूला। शहर के सेक्टर-6 सिविल अस्पताल में बिजली सप्लाई की तार में अचानक शॉर्ट सर्किट से फाॅल्ट आने पर बिजली गुल हो गई। इसका खामियाजा यहां पहुंचे मरीजों को लंबा इंतजार करके भुगतना पड़ा। वहीं, जनरेटर चलाने के बाद भी बिजली नहीं आई, क्योंकि बिजली सप्लाई की तार में ही फाॅल्ट आया था। इस तार में आए फॉल्ट को ठीक करने में चार घंटे लगे। इस कारण मरीजों को बड़ी दिक्कत का सामना करना पड़ा। इस कारण जहां आंख के मरीजों के दस ऑपरेशन टल गए। वहीं, मरीजों को लंबी लाइनों में लगने के बाद रजिस्ट्रेशन करवाने में भी देरी से हुई। बहुत से मरीजों के आयुष्मान कार्ड भी नहीं बन पाए। आईसीयू (इंटेंसिव केयर यूनिट) और एसएनसीयू (विशेष नवजात देखभाल इकाई) में भी भर्ती मरीजों के परिजन परेशान होते रहे।
जानकारी के अनुसार सेक्टर-6 के सिविल अस्पताल में बिजली सप्लाई की तार में सुबह 6 बजे अचानक स्पार्किंग होने से फॉल्ट आ गया। यह फॉल्ट आने के करीब चार घंटे बाद ही बिजली ठीक हो पाई। इस कारण इलाज के लिए ओपीडी में आए मरीज परेशान होते रहे। उनका रजिस्ट्रेशन नहीं हो पाया और अस्पताल की इमरजेंसी, ऑपरेशन वार्ड सहित सभी जगह मरीजों को चक्कर काटने पड़े। इसके साथ ही बिजली जाने के कारण मशीन नहीं चलने के कारण आंख के दस मरीजों के ऑपरेशन भी नहीं हो सके। इस कारण आंख के ऑपरेशन करवाने पहुंचे मरीजों को वापस भेज दिया गया। अब उनकी आंखों के ऑपरेशन करने के लिए पांच दिन बाद की तारीख दी गई है।
लोगों ने बयां की अपनी परेशानी
लंबी लाइन में लगे, पर नहीं हुआ रजिस्ट्रेशन
लंबी लाइन में लगने के बाद भी रजिस्ट्रेशन नहीं हो पाया है। इलाज के लिए कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। बिजली नहीं होने के कारण पर्ची में एंट्री करवाने के लिए दो घंटे का लंबा इंतजार करना पड़ा। इसके बाद पर्ची में एंट्री हो सकी। -साहिल, मरीज का तीमारदार
आंख का ऑपरेशन नहीं हो पाया
अस्पताल में आंख का ऑपरेशन करवाने आए थे। डॉक्टरों की ओर से आज की लंबी डेट दी हुई थी। लेकिन यहां बिजली नहीं होने के कारण मशीनें नहीं चली। अब आंख के ऑपरेशन के लिए पांच दिन के बाद बुलाया गया है। बड़ी परेशानी हुई है। -राजेंद्र प्रसाद मरीज निवासी पिंजौर
ऑपरेशन के लिए लंबा इंतजार किया
मुझे पित्त की थैली में पथरी है। डॉक्टरों की ओर से पत्थरी को निकालने के लिए ऑपरेशन करने के लिए आज सुबह आठ बजे ऑपरेशन थिएटर में लाया गया था। लेकिन बिजली नहीं होने के कारण ऑपरेशन के लिए चार घंटे इंतजार करना पड़ा। -संजीव मरीज निवासी रत्तेवाली
ऑपरेशन नहीं हुआ, कल फिर बुलाया है
मैं एक साल से पथरी के कारण दर्द से पीड़ित हूं। यहां पर इलाज के दौरान ऑपरेशन के लिए कई महीनों की डेट दी गई थी। लेकिन अचानक ही बिजली जाने के कारण डॉक्टरों की ओर से ऑपरेशन नहीं किया जा सका। इसके लिए अगली डेट दी गई है, मैं परेशान हूं। -दिलशाद, निवासी मनीमाजरा
फॉल्ट ठीक होने तक परेशान रहे
बिजली बंद होने के कारण मरीज परेशान रहे। सभी का रजिस्ट्रेशन भी नहीं हो पाया। इसके अलावा लोगों को लंबी लाइनों में लगकर बिजली आने के बाद रजिस्ट्रेशन करवाना पड़ा। इस कारण दिनभर लोग परेशान रहे। फॉल्ट ठीक होने के बाद हालात में सुधार हुआ। इसे लेकर तीन घंटे तक लोग परेशान रहे।
कोट -
तकनीकी खामियों के कारण बिजली खराब हुई थी। बिजली की सप्लाई ठीक होने के बाद सभी काम हुए हैं। आंख के ऑपरेशन नहीं किए गए हैं बाकी अन्य ऑपरेशन किए गए हैं। बिजली व्यवस्था को ठीक करा दिया गया है। -डॉ. मुक्ता कुमार, सीएमओ, सिविल अस्पताल सेक्टर-6