पंचकूला। स्वतंत्रता दिवस को लेकर पंचकूला पुलिस पूरी तरह से सतर्क है। डीसीपी सृष्टि गुप्ता ने बताया कि सभी स्तर के पुलिस अधिकारी और जवान चौबीस घंटे अलर्ट मोड पर हैं। शहर के हर महत्वपूर्ण स्थान चौक-चौराहों, भीड़-भाड़ वाले मार्केट, होटल, बस अड्डा, और सार्वजनिक स्थलों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती कर पुलिस टीमों द्वारा लगातार सघन सर्च अभियान चलाया जा रहा है। सभी पीसीआर व राइडर टीमें हाई अलर्ट पर रहकर 24 घंटे गश्त कर रही हैं ताकि किसी भी आपातकालीन सूचना पर तुरंत प्रतिक्रिया दी जा सके। शहर के प्रमुख स्थानों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की लाइव मॉनिटरिंग पुलिस कंट्रोल रूम से की जा रही है। इसके अतिरिक्त, मुख्य इमारतों की छतों पर तैनात पुलिसकर्मी दूरबीन और अन्य तकनीकी उपकरणों की मदद से निगरानी रख रहे हैं।
डीसीपी सृष्टि गुप्ता ने बताया कि ट्रैफिक पुलिस भी पूर्ण रूप से तैनात है और नाके पर आने-जाने वाले वाहनों की गहन चेकिंग की जा रही है। साथ ही वाहन चालकों से अपील की गई है कि वे अपने वाहन केवल निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही खड़े करें जिससे ट्रैफिक व्यवस्था सुचारू बनी रहे।
संदिग्ध व्यक्ति, वस्तु या गतिविधि की जानकारी पुलिस को देने का आग्रह
पुलिस ने आमजन से आग्रह किया है कि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति, वस्तु या गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें। सूचना देने के लिए पुलिस कंट्रोल रूम नंबर 0172-2582100, मोबाइल नंबर 7508324900 या डायल 112 का उपयोग किया जा सकता है।