चंडीगढ़। सेक्टर-25 स्थित बाल सुधार गृह में हत्या की सजा काट रहा एक युवक दीवार फांदकर फरार हो गया। युवक उस दौरान भागने में कामयाब रहा, जब सुबह नाश्ते के दौरान सुरक्षाकर्मी मौजूद नहीं था। युवक के भागने का पता लगने पर मामले की सूचना पुलिस को दी गई। सेक्टर-11 थाना पुलिस ने डड्डूमाजरा के रहने वाले तरुण (20) के खिलाफ मामला दर्जकर उसके घर पर छापा मारा, लेकिन वह कहीं नहीं मिला। सूत्रों का कहना है कि उसकी पत्नी भी गायब है। पुलिस तरुण की डिटेल खंगालने में जुटी है।
बाल सुधार गृह से युवक के दीवार फांदकर भागने की सूचना मिलने पर सेक्टर-24 चौकी इंचार्ज रवदीप सिंह टीम के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। पुलिस को दिए बयान में सुपरिंटेंडेंट ने बताया कि सुबह करीब साढ़े 8 बजे नाश्ता कराया जा रहा था। इस दौरान तरुण ने मौका देख दीवार फांदकर भागने में कामयाब हो गया। मामले का खुलासा उस वक्त हुआ, जब कैदियों की गिनती शुरू हुई। इसके बाद उनमें एक कैदी को कम पाया गया।
बॉक्स
सुरक्षा पर सवाल
तरुण के भागने की उस वक्त पुष्टि हुई, जब सीसीटीवी फुटेज को खंगाला गया, जिसमें सामने आया कि तरुण बाल सुधार गृह की दीवार फांदकर फरार हो गया है। बता दें कि इससे पहले भी बाल सुधार गृह से कई युवक भागने में कामयाब हुए हैं, लेकिन बाल सुधार गृह कोई ऐसा ठोस कदम नहीं उठाता, जिससे वहां से भागने वालों पर रोक लग सके। इनमें ज्यादातर केसों में युवक दीवार फांदकर भागने में कामयाब रहे हैं। पुलिस का कहना है कि तरुण को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
---- बॉक्स
उम्रकैद की काट रहा था सजा
बता दें कि वर्ष 2017 में सेक्टर-37 स्थित बत्रा सिनेमा के पास एक युवक की हत्या कर दी गई थी। इसमें तरुण को उम्रकैद की सजा सुनाई गई, लेकिन उस दौरान उम्र 18 साल से कम थी। इसके चलते उसे सेक्टर-25 बाल सुधार गृह में भेज दिया गया था। वह सजा काट रहा था। तरुण के भागने पर थाना पुलिस के साथ-साथ खुफिया विभाग भी उसकी तलाश में जुटा हुआ है। वहीं, पुलिस देर रात उसकी गिरफ्तारी के लिए घर समेत उसके रिश्तेदारों के घर पर दबिश दे रही थी।