संवाद न्यूज एजेंसी
नंगल। पंजाब के शिक्षा और सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के कैबिनेट मंत्री हरजोत सिंह बैंस ने कहा कि पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने श्री आनंदपुर साहिब निर्वाचन क्षेत्र में विकास की एक नई लहर चलाई है। सरकार ने इस निर्वाचन क्षेत्र को बड़ी सौगात देकर दशकों से रुके क्षेत्र के विकास को पटरी पर ला दिया है।
11.23 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले प्लासी-बेलारामगढ़ पुल के शिलान्यास पर हरजोत सिंह बैंस ने कहा कि क्षेत्र में विकास की गति दशकों से रुकी थी। सरकार का काम संतों ने किया और उन्होंने पुल बनाए जबकि बाढ़ के दौरान सतलुज और स्वां नदियों के उफान के कारण ये क्षेत्र अलग हो जाते थे। विकास कार्यों की योजनाबद्ध रूपरेखा तैयार की गईं हैं। इससे पहले 35.48 करोड़ रुपये और 20.77 करोड़ रुपये की लागत से भल्लड़ी और कलित्रा में पुल बनाने का काम शुरू किया जा चुका है। इन पुलों को शहरों से जोड़ने के लिए 18 फुट चौड़ी 11 किलोमीटर सड़क पर 13 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।
उन्होंने कहा कि 11.23 करोड़ रुपये की लागत से 179.16 मीटर लंबा और 10 मीटर चौड़ा प्लासी-बेलारामगढ़ बनाया जाएगा। कैबिनेट मंत्री ने बताया कि 10 से 15 दिनों में दो करोड़ रुपये की लागत के और कार्य शुरू कर दिए जाएंगे। बैंस ने कहा कि अगले कुछ समय में श्री आनंदपुर साहिब को विश्व स्तरीय विरासत शहर के रूप में विकसित किया जाएगा। जहां दरबार साहिब और तख्त श्री केसगढ़ साहिब के सीधे प्रसारण के लिए एक प्रसारण प्रणाली स्थापित की जाएगी।
कैबिनेट मंत्री ने सभी सरपंचों, युवा मंडलों और संगत से अनुरोध किया कि वे इस शताब्दी समारोह को ऐतिहासिक बनाने में अपना पूर्ण सहयोग दें। उन्होंने बताया कि अगले चरण में गांवों के लिए 50 करोड़ रुपये की विकास योजना तैयार की गई है, जिसमें सडक़ों, स्कूलों, गुरुद्वारों और अन्य धार्मिक स्थलों का सुधार शामिल है। इस अवसर पर क्षेत्र की पंचायतों ने संत बाबा गोपाला नंद जी महाराज और कैबिनेट मंत्री हरजोत बैंस का विशेष रूप से सम्मान किया।