अब प्रत्येक माह पंचकूला की पचास केमिस्ट दुकानों का निरीक्षण होगा। यह आदेश पंचकूला की डीसी डा. गरिमा मितल ने दिए हैं। इसके लिए एक मीटिंग डीसी की अध्यक्षता में लघु सचिवालय के सभागार में हुई। बैठक में ड्रग कंट्रोल अधिकारी भी मौजूद रहे। इसके साथ ही स्वास्थ्य, पुलिस, डिप्टी एडीओ नरेंद्र भोरिया, एसीपी मनीष सहगल सहित संबंधित अधिकारियों ने भी भाग लिया।
डीसी ने जिला ड्रग कंट्रोल अधिकारी को हिदायत देते हुए कहा कि एक माह में कम से कम 50 केमिस्ट दुकानों का निरीक्षण करें जिससे दुकानदार नशे को बेच न सके। उन्होंने कहा कि इस मामले में की गई कार्रवाई की रिपोर्ट मासिक बैठक के दौरान दें। उन्होंने कहा कि जिले से ऐसी कई शिकायत मिली हैं कि केमिस्ट की दुकानों में नशे वाली दवाएं बेची जाती हैं। जिस पर अंकुश लगाने के लिए वह नियमित जांच करें। इसके साथ ही डीसी ने कहा कि जिले में स्थित हुक्काबारों की नियमित रूप जांच करें और उसकी रिपोर्ट दें।