पंचकूला। दूध से जुड़े खाद्य पदार्थों में मिलावट को रोकने के लिए विशेष अभियान ’शुद्ध का युद्ध’ चलाया जा रहा है। इसके तहत बुधवार को पंचकूला के खाद्य सुरक्षा अधिकारी डॉ. गौरव शर्मा ने जिला में स्थित दूध की डेयरियों, खाद्य पदार्थ को बनाने की फैक्ट्रियों समेत अन्य स्थानों का औचक निरीक्षण किया।
इस दौरान विभाग के अधिकारियों ने चार जगहों से नमूने लेकर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत जांच के लिए भेज दिया है। इसमें परपल फ्रॉग सेक्टर-9 से पनीर, ब्लू चिप हॉस्पिटीलिटी सेक्टर-9 से पनीर व दूध के नमूने लिए गए। इसी प्रकार बार ए चीका सेक्टर 11 से पनीर, लाल मिर्च पाउडर और कोको कैफे एवं लॉंज सेक्टर-11 से एमडीएच मीट मसाला व पनीर के नमूने शामिल हैं।
पंचकूला के खाद्य सुरक्षा अधिकारी डॉ. गौरव शर्मा ने बताया कि यह नमूने करनाल स्थित खाद्य प्रयोगशाला मे भेजे गए हैं। निरीक्षण के दौरान जो पदार्थ खाने योग्य नहीं थे उन्हें नष्ट करवाया गया व सभी दुकानदारों को निर्देश दिया गया कि दूध और दूध के उत्पादों में किसी प्रकार के हानिकारक रसायन एवं केमिकल का प्रयोग न करें यदि कोई भी दुकानदार मिलावटी दूध व उत्पाद बेचता पाया गया तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।